कड़ी चुनौतियों के बीच भारत ने कई देशों में निर्यात बढ़ा

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

30.43 अरब डॉलर पहुंचा व्यापार घाटा बढ़कर, इसमें कच्चे तेल की भूमिका प्रमुख

कड़ी चुनौतियों के बीच भारत ने कई देशों में निर्यात बढ़ा

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। कई तरह की वैश्विक चुनौतियों के बावजूद जून में भारत के निर्यात में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। जून में देश का वस्तु निर्यात सालाना आधार पर 15.5 फीसदी बढ़कर 40.41 अरब डॉलर रहा। हालांकि, इस दौरान व्यापार घाटा बढ़कर पांच महीने के उच्च स्तर 30.43 अरब डॉलर पर पहुंच गया। सोमवार को वाणिज्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार, जून में देश का कुल निर्यात (वस्तु और सेवाएं) 9.48 फीसदी बढ़कर 73.45 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल इसी महीने 67.09 अरब डॉलर था। वहीं, कुल आयात 26.84 फीसदी बढ़कर 88.76 अरब डॉलर हो गया। पिछले वर्ष यह 69.98 अरब डॉलर का रहा था। वाणिज्य सचिव ने कहा कि पश्चिम एशियाई देशों के साथ भारत का व्यापार भी मजबूत रहा। जून में इन देशों को भारत का निर्यात 7.29 प्रतिशत बढ़कर 5 अरब डॉलर हो गया。

व्यापार घाटा

वहीं, अकेले वस्तुओं की श्रेणी में बात की जाए तो निर्यात 34.98 अरब डॉलर से बढ़कर 40.41 अरब डॉलर हो गया, जिसमें कुल 15.52 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस अवधि में आयात भी 30.99 प्रतिशत बढ़कर 70.84 अरब डॉलर पहुंच गया, जो बीते वित्तीय वर्ष की समान अवधि में 54.08 अरब डॉलर रहा था। इस तरह से वस्तुओं के आयात और निर्यात के बीच अंतर (व्यापार घाटा) 30.43 अरब डॉलर का रहा है। जबकि जून 2025 में 19.1 अरब डॉलर का रहा था।

कच्चे तेल के चलते बढ़ा व्यापार घाटा

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि आयात बढ़ने की मुख्य वजह कच्चे तेल (क्रूड ऑयल), इलेक्ट्रॉनिक्स और कीमती धातुओं का अधिक आयात है। कच्चे तेल और कीमती धातु (सोना व अन्य) की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते आयात मूल्य बढ़ा। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स की मांग अचानक से घरेलू बाजार में बढ़ी है, जिसके चलते आयात में बढ़ोतरी देखी गई।

सेवा क्षेत्र का भी अच्छा प्रदर्शन

जून में सेवा क्षेत्र का निर्यात भी बढ़ा। यह 32.11 अरब डॉलर से बढ़कर 33.03 अरब डॉलर हो गया, यानी करीब 2.9 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, सेवा क्षेत्र का आयात 12.7 फीसदी बढ़कर 17.92 अरब डॉलर रहा। पिछले साल यह 15.90 अरब डॉलर पर था।

पहली तिमाही में निर्यात 15.92 प्रतिशत बढ़ा

चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में भारत का वस्तुओं का निर्यात 15.92 प्रतिशत बढ़कर 129.32 अरब डॉलर पहुंच गया। वहीं, आयात 19.89 प्रतिशत बढ़कर 216.18 अरब डॉलर रहा। इस दौरान सोने का आयात भी काफी बढ़ा है। अप्रैल-जून 2026 में भारत ने 11.01 अरब डॉलर का सोना आयात किया, जबकि बीते वर्ष की समान अवधि में यह 7.49 अरब डॉलर था।

-----------------

पहली तिमाही में निर्यात होने वाले प्रमुख सामान

वस्तु अप्रैल-जून 2025-26 अप्रैल-जून 2026-27

इंजीनियरिंग सामान 28.91 34.14

पेट्रोलियम उत्पाद 17.03 23.02

इलेक्ट्रॉनिक सामान 12.40 15.20

दवाइयाँ एवं औषधि 7.58 8.10

कार्बनिक एवं अकार्बनिक रसायन 6.98 7.90

-------------

पहली तिमाही में निर्यात श्रेणी में प्रमुख देश

देश अप्रैल-जून 2025-26 अप्रैल-जून 2026-27

अमेरिका 25.48 25.47

सिंगापुर 3.24 6.52

चीन 4.39 5.60

यूके 3.32 3.69

दक्षिण अफ्रीका 1.78 3.15

जर्मनी 2.77 3.11

तंजानिया 1.18 2.91

(आंकड़े अरब डॉलर में)

सामान्य प्रश्न

जून में भारत के निर्यात में कितनी वृद्धि हुई?
जून में भारत के निर्यात में 15.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।