दुनिया में भारत की चुनाव प्रक्रिया सबसे निष्पक्ष: सीईसी
-गुजरात विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में अधिकारियों से कहा -यहां हर चरण में जांच और सत्यापन

अहमदाबाद, एजेंसी। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि भारत की चुनाव प्रक्रिया दुनिया की सबसे पारदर्शी प्रक्रियाओं में शामिल है। मतदाता सूची से लेकर मतगणना तक हर चरण में जांच और सत्यापन किया जाता है।उन्होंने गुजरात विश्वविद्यालय के अटल कलाम सभागार में बूथ स्तर के अधिकारियों के साथ आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। कुमार ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के हर चरण में राजनीतिक दल, उम्मीदवार और उनके प्रतिनिधि लगातार जांच करते हैं। इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है।उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और उनके बूथ स्तर के प्रतिनिधियों की भागीदारी से मतदाता सूचियों का लगातार सत्यापन किया जाता है।
बूथ स्तर के अधिकारी अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, दोहरे नाम और विदेशी नागरिकों से जुड़े मामलों की पहचान करते हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करते हैं कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में बने रहें। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हर पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए।


