भारत वैश्विक टेक निवेशकों की पहली पसंद बना
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष पुनीत चंडोक से मुलाकात की। दोनों ने भारत में डेटा सेंटर विस्तार और एआई को वैश्विक केंद्र बनाने पर चर्चा की। माइक्रोसॉफ्ट ने 2026 से 2029 के दौरान 17.5 बिलियन डॉलर का निवेश करने की घोषणा की। इसके अलावा, गोयल ने उरुग्वे के विदेश मंत्री से भी बातचीत की।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने देश के डिजिटल और व्यापारिक भविष्य को नई दिशा देने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के भारत और दक्षिण एशिया अध्यक्ष पुनीत चंडोक से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने भारत में कंपनी के डेटा सेंटर के विस्तार और भारत को एआई का वैश्विक केंद्र बनाने पर चर्चा की। मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ग्लोबल टेक इन्वेस्टमेंट के लिए पसंदीदा गंतव्य बन रहा है। माइक्रोसॉफ्ट ने भारत में अपने क्लाउड और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 2026 से 2029 के दौरान 17.5 बिलियन डॉलर के निवेश की घोषणा की है।
बता दें कि हैदराबाद में हाल ही में शुरू हुए ‘इंडिया साउथ सेंट्रल’ क्लाउड रीजन के साथ देश में कंपनी के अब चार चालू क्लाउड रीजन हो गए हैं।इसके अलावा, मंत्री गोयल ने उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार-निवेश संबंधों को मजबूत करने और दक्षिण अमेरिकी व्यापारिक समूह ‘मर्कोसुर’ के साथ भारत की साझेदारी को नए आयाम देने पर सकारात्मक चर्चा हुई।


