जनगणना को लेकर केंद्र सरकार की अधिसूचना जारी
भारत के गृह मंत्रालय द्वारा जनगणना-2027 के लिए महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की गई है। उत्तराखंड में जनगणना 1 दिसम्बर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक होगी। नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प 16 से 30 नवम्बर तक उपलब्ध रहेगा। जनगणना की प्रक्रिया के लिए संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।

सतीश जोशी, चम्पावत। गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से जनगणना-2027 के संबंध में महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना के अनुसार उत्तराखंड राज्य के हिमाच्छादित क्षेत्रों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में जनसंख्या की जनगणना एक दिसम्बर 2026 से चार जनवरी 2027 तक की जाएगी। इसके उपरांत पांच जनवरी से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर संचालित किया जाएगा। जनगणना प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। घर-घर जाकर जनसंख्या गणना शुरू होने से पूर्व 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक नागरिक स्व-गणना के विकल्प का उपयोग कर सकेंगे।
अधिसूचना के अनुसार उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों सहित संबंधित राज्यों में जनगणना के लिए संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है। डीएम मनीष कुमार के अनुसार भारत सरकार द्वारा जारी अधिसूचना जनगणना की जनसंख्या गणना प्रक्रिया की समय-सारिणी को स्पष्ट करती है। जनपद चम्पावत में भी निर्धारित कार्यक्रम एवं शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनगणना संबंधी आवश्यक तैयारियां एवं अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।


