खेल....क्यों चूके : बड़े नामों की नाकामी, चोटों ने भी बढ़ाई मुश्किल
भारत के एशियाई खेलों के अभियान में पदकों की कमी प्रमुख खिलाड़ियों की चोट और प्रदर्शन पर दबाव के कारण रही। खासकर नीरज चोपड़ा और मनु भाकर का खेल से बाहर होना चौंकाने वाला रहा। अंतिम दो दिनों में 11 स्वर्ण पदक जीतकर भारत ने चौथा स्थान प्राप्त किया, लेकिन भारत की निरंतरता को बनाए रखना अब चुनौती है।

नई दिल्ली, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भारत के लिए एशियाई खेलों में पदकों का अभियान सिर्फ निशानेबाजी और एथलेटिक्स में कम पदकों की वजह से कमजोर नहीं रहा। असली कमी उन मौकों को भुनाने में रही, जहां बड़े नामों से पदक की उम्मीद थी। कुछ दावेदार चोट के कारण बाहर हो गए, कुछ दबाव में चूक गए और कुछ मामूली अंतर से स्वर्ण की दौड़ में पिछड़ गए। नतीजा यह रहा कि हांगझोउ के रिकॉर्ड 106 पदकों के बाद भारत 21 पदक पीछे रह गया। भारत को सबसे बड़ा झटका भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा के चोटिल होने से लगा। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर का खाली रहना भी चौंकाने वाला रहा। ज्योति याराजी ने घुटने में दर्द के कारण 100 मीटर बाधा दौड़ की हीट से पहले नाम वापस ले लिया, जबकि घुटने की चोट से वापसी कर रहे अविनाश साबले स्टीपलचेज में चौथे स्थान पर रहे। इन सभी ने हांगझाऊ में पदक जीते थे.
चोटों और दबाव के कारण प्रदर्शन
कुछ मौकों पर भारत स्वर्ण के बेहद करीब पहुंच चूक गया। तेजिंदरपाल सिंह तूर एशियाई खेलों में लगातार तीसरा स्वर्ण नहीं जीत सके। लंबी कूद में मुरली श्रीशंकर और ऊंची कूद में सर्वेश कुशारे को रजत से संतोष करना पड़ा। यानी दावेदार छोटे अंतर को अपने पक्ष में नहीं कर सके और यही अंतर भारत की पदक संख्या और स्वर्ण की गिनती दोनों पर पड़ा.
तैयारी की समस्याएं
तयारी और खिलाड़ियों की दिनचर्या से जुड़ी परेशानियों ने भी मुश्किलें बढ़ाईं। समर्पित खेल गांव न होने के कारण खिलाड़ियों को होटल और प्रतियोगिता स्थलों के बीच आना-जाना पड़ा। लंबी यात्राएं, बसों में देरी और मुकाबलों के बीच कम समय ने आराम और रिकवरी के लिए उपलब्ध समय घटाया। हालांकि, ये कमियां पदक कम रहने का सीधा बहाना नहीं हो सकतीं, क्योंकि ऐसी परिस्थितियां दूसरे देशों के खिलाड़ियों के सामने भी थीं.
अंतिम दो दिन में 11 स्वर्ण ने बचाया
भारत ने प्रतियोगिता के अंतिम दो दिनों में 11 स्वर्ण पदक जीते। इस तेज फिनिश ने उसे पदक तालिका में चौथे स्थान पर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले अभियान की रफ्तार अपेक्षा के मुताबिक नहीं थी। आखिरी दो दिनों की यह कामयाबी बताती है कि भारत के पास दबाव में वापसी करने वाले खिलाड़ी हैं, लेकिन पूरे अभियान में ऐसी निरंतरता बनाए रखना अभी चुनौती है.

