बांका : बीडीओ ने जनगणना कार्य को लेकर कर्मियों के साथ की बैठक
अमरपुर में बुधवार को 2027 की जनगणना की तैयारियों को लेकर एक बैठक हुई। बीडीओ प्रभात रंजन ने इस दौरान कहा कि एक अगस्त से 30 अगस्त तक ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वेक्षण चलाया जाएगा। इसमें आवश्यक सुविधाओं का डेटा मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। कर्मियों को पारदर्शिता और जिम्मेदारी से काम करने की सलाह दी गई।

अमरपुर (बांका), निज संवाददाता। अमरपुर मुख्यालय के सभागार में गुरुवार को भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर डीसीएचवी कर्मियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ प्रभात रंजन ने की। इस मौके पर बीडीओ ने कहा कि एक अगस्त से 30 अगस्त तक ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पंचायतों व गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, बिजली, सड़क, बैंकिंग सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं की जानकारी जुटाकर मोबाइल एप के माध्यम से डाटा ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। उन्होंने कर्मियों को पूरी पारदर्शिता व जिम्मेदारी के साथ सर्वेक्षण कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलत डेटा अपलोड को गंभीरता से लिया जाएगा।
बैठक में जिला स्तर पर मिले प्रशिक्षण की समीक्षा की गई तथा संभावित चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा हुई। बैठक में प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, निरंजन शर्मा, चिन्मय आनंद, ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक कुमार वैभव विकास एवं विकास मित्र समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे।


