सेना के लिए भारत चावल की शुरुआत, बार्डर पर पहुंचेगा एफसीआई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रल्हाद जोशी की उपस्थिति में सेना के लिए भारत चावल का शुभारंभ हुआ। सेना और एफसीआई के समझौते के तहत उच्च गुणवत्ता वाला चावल सीधे सेना के आपूर्ति डिपो तक पहुंचाया जाएगा, जिसमें लद्दाख और उत्तर पूर्व के दूरस्थ क्षेत्र भी शामिल हैं। चावल 10 और 18 किलो के थैलों में नेफेड के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रल्हाद जोशी की उपस्थिति में सोमवार को सेना के लिए भारत चावल का शुभारंभ किया गया। इसके लिए सेना एवं भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि समझौते के तहत उच्च गुणवत्ता वाला चावल सीधे सेना के आपूर्ति डिपो तक पहुंचाया जाएगा, जिसमें लद्दाख और उत्तर पूर्व के दूरस्थ क्षेत्रों के डिपो भी शामिल हैं। इसे स्थानीय एफसीआई गोदामों से सेना के डिपो द्वारा नहीं लिया जाएगा। इस मौके पर अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने भारत चावल को एक ऐसे भरोसे के बंधन के रूप में वर्णित किया जो किसान के खेत से शुरू होकर सैनिक की थाली तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि यह पहल जय जवान, जय किसान की भावना को मूर्त रूप देती है, क्योंकि यह एक सामूहिक संकल्प का प्रतीक है जहां किसान की मेहनत सैनिक की शक्ति में बदल जाती है। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह उच्च गुणवत्ता वाला चावल मानक निर्देशों के अनुसार सुविधाजनक पैकेजिंग में उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल छोटी लग सकती है, लेकिन इससे दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में राशन पहुंचाने वाले सैनिकों को बहुत राहत मिलेगी।
सैनिकों के कल्याण और स्वास्थ्य पर जोर
राजनाथ सिंह ने इस बात पर बल दिया कि सैनिकों की परिचालन तत्परता केवल हथियारों पर निर्भर नहीं होती, बल्कि उनके शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्थिरता, मनोबल और सहनशक्ति पर भी आधारित होती है, खासकर जब वे सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सेवा कर रहे होते हैं। उन्होंने सैनिकों के कल्याण को एक मामूली मुद्दा नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का अभिन्न अंग बताया और कहा कि पौष्टिक भोजन, मजबूत उपकरण और संपूर्ण प्रशिक्षण सैनिकों का मनोबल बढ़ाते हैं, जिससे वे हर चुनौती का सामना करने और राष्ट्र की रक्षा करने के लिए तैयार रहते हैं।
युद्ध शक्ति में रसद व्यवस्था का महत्व
रसद व्यवस्था भी युद्ध शक्ति : राजनाथ
रक्षा मंत्री ने कहा कि आधुनिक युद्ध में हथियार, उपकरण और प्रौद्योगिकी ही एकमात्र महत्वपूर्ण तत्व नहीं हैं, रसद व्यवस्था भी युद्ध शक्ति है। उन्होंने कहा कि आज के युद्ध केवल मोर्चे पर ही नहीं जीते जाते, बल्कि आपूर्ति श्रृंखलाओं की मजबूती, भंडारण क्षमता, परिवहन नेटवर्क, भंडारण अवसंरचना और समय पर आपूर्ति की क्षमता जैसे कारक भी समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस प्रकार लड़ाकू विमान अब एक्सप्रेसवे पर उतर रहे हैं और सीमा सड़क संगठन द्वारा निर्मित सड़कों और पुलों का उपयोग स्थानीय निवासी भी कर रहे हैं, उसी प्रकार एफसीआई के गोदाम अब केवल खाद्य भंडारण तक सीमित नहीं रहेंगे, वे भारतीय सेना की आपूर्ति श्रृंखला का अभिन्न अंग बन जाएंगे।
नेफेड के माध्यम से चावल की आपूर्ति
नेफेड के माध्यम से की जाएगी आपूर्ति
भारत चावल की आपूर्ति जल्द नेफेड के माध्यम से की जाएगी। यह 10 एवं 18 किलो के थैलों में होगा जो उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होगा। इस अवसर पर उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भारत चावल पहल की सराहना की और कहा कि देश की रक्षा में अद्वितीय साहस और समर्पण दिखाने वाले सैनिकों को उच्च गुणवत्ता वाला चावल उपलब्ध कराना उनके विभाग के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि देश के रक्षकों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना और उनकी जरूरतों को पूरा करना हमारा कर्तव्य है।


