प्याज ने बिगाड़ा रसोई का बजट, बाहर भोजन करना भी महंगा

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

प्याज ने बिगाड़ा रसोई का बजट, बाहर भोजन करना भी महंगा, प्याज ने बिगाड़ा रसोई का बजट, बाहर भोजन करना भी महंगा

प्याज ने बिगाड़ा रसोई का बजट, बाहर भोजन करना भी महंगा

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। देश में खुदरा महंगाई ने सितंबर में पांच फीसदी के आंकड़े को पार कर लिया है। इसके चलते प्याज और लहसुन जैसी रोजमर्रा की जरूरत की खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से सितंबर में आम परिवारों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। घर में खाना पकाना महंगा हुआ तो बाहर भोजन करना भी जेब पर भारी पड़ रहा है। महंगाई में बढ़ोतरी का असर केवल रसोई तक सीमित नहीं रहा। रेस्तरां और आवास संबंधी सेवाओं की महंगाई सितंबर में 9.36 फीसदी रही। भोजन और पेय पदार्थ परोसने वाली सेवाओं की महंगाई दर 9.39 फीसदी दर्ज की गई। यानी घर के खाने के साथ बाहर भोजन करने की लागत भी बढ़ी है। विशेषज्ञों का कहना है कि मुद्रास्फीति में वृद्धि के पीछे मौसमी कारकों से खाद्य कीमतों में बढ़ोतरी, प्रतिकूल आधार प्रभाव और अल नीनो का असर रहा। नतीजतन खाद्य मुद्रास्फीति सितंबर में सालाना आधार पर 7.74 प्रतिशत रही, जो 21 महीने का उच्च स्तर है। अगस्त 2026 में यह 5.97 प्रतिशत और जुलाई में 5.52 प्रतिशत थी।

खाद्य और सेवा महंगाई में बढ़ोतरी

कई सेवाओं के दाम भी बढ़े

सितंबर में व्यक्तिगत देखभाल और विविध वस्तुओं-सेवाओं की महंगाई 13.75 फीसदी रही। शिक्षा सेवाओं की महंगाई अगस्त के 3.73 फीसदी से बढ़कर सितंबर में 3.94 फीसदी हो गई। मनोरंजन, खेल और संस्कृति से जुड़ी सेवाओं की महंगाई सितंबर में बढ़कर 2.16 फीसदी रही। सूचना और संचार सेवाओं की महंगाई 2.01 फीसदी से बढ़कर 2.44 फीसदी हो गई। स्वास्थ्य सेवाओं की महंगाई भी 1.34 फीसदी से बढ़कर 1.40 फीसदी हो गई। घरेलू उपयोग के सामान और उपकरणों से जुड़ी महंगाई 3.11 फीसदी रही। आवास संबंधी उपयोगिता सेवाओं की महंगाई 2.61 फीसदी से बढ़कर 2.74 फीसदी हो गई।

महंगाई के जोखिम और विशेषज्ञों का अनुमान

महंगाई का जोखिम बना रहेगा

एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज की मुख्य अर्थशास्त्री माधवी अरोड़ा ने अनुमान जताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही में मुद्रास्फीति औसतन करीब 6.1 प्रतिशत रह सकती है। उनके मुताबिक, कच्चे तेल से जुड़ी लागत के अलावा प्रतिकूल मौसम भी खाद्य कीमतों पर दबाव बढ़ा रहा है। अल नीनो का असर 2027 तक बने रहने की आशंका है। फसलों के उत्पादन में चक्रीय उतार-चढ़ाव और जैव ईंधन के लिए अधिक फसल इस्तेमाल किए जाने से आपूर्ति संबंधी जोखिम और बढ़ रहे हैं।

कच्चे तेल की कीमतों का असर

कच्चे तेल का भी दबाव

क्रिसिल की वरिष्ठ निदेशक एवं प्रमुख अर्थशास्त्री दीप्ति देशपांडे ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में ब्रेंट कच्चे तेल का औसत मूल्य 88-93 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल रहने का अनुमान है, जो सालाना आधार पर 25-32 प्रतिशत अधिक है। इससे खुदरा ईंधन की कीमतें ऊंची बनी रहेंगी। साथ ही, मांग मजबूत होने से उत्पादकों को ऊर्जा, परिवहन और अन्य कच्चे माल की बढ़ी लागत का बोझ उपभोक्ताओं पर डालने की अधिक गुंजाइश मिल रही है। इससे मुद्रास्फीति का दबाव और बढ़ रहा है।

आरबीआई के सामने महंगाई की चुनौती

आरबीआई के लिए बढ़ी चुनौती

सितंबर में खुदरा महंगाई 5.54 फीसदी पर पहुंचने से भारतीय रिजर्व बैंक के लिए भी चुनौती बढ़ी है। महंगाई दर अब आरबीआई के 2 से 6 फीसदी के सहनशीलता दायरे की ऊपरी सीमा के करीब पहुंच गई है। पिछले सप्ताह आरबीआई ने अपनी प्रमुख नीतिगत दर रेपो में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 5.50 प्रतिशत कर दिया था। करीब चार साल में यह पहली वृद्धि थी। केंद्रीय बैंक ने संकेत दिया था कि निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की संभावना नहीं है और बढ़ती मुद्रास्फीति, रुपये में कमजोरी तथा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच आगे भी दरें बढ़ाई जा सकती हैं। साथ ही आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष के लिए खुदरा मुद्रास्फीति का अनुमान भी मामूली बढ़ाकर पांच प्रतिशत से 5.2 प्रतिशत कर दिया।

राज्यों में खुदरा महंगाई की स्थिति

सबसे अधिक खुदरा महंगाई दर वाले राज्य

राज्य महंगाई दर

तमिलनाडु 6.81

ओडिशा 6.70

मध्य प्रदेश 6.68

तेलंगाना 6.64

आंध्र प्रदेश 6.29

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦सितंबर में खुदरा महंगाई दर कितनी रही?−
सितंबर में खुदरा महंगाई दर 5.54 फीसदी पर पहुंच गई।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsप्याज ने बिगाड़ा रसोई का बजट, बाहर भोजन करना भी महंगा