उद्योगों को गैस आपूर्ति घटाकर वितरण पर असर घटाया
पश्चिम एशिया संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान से एलएनजी आपूर्ति प्रभावित हुई है। वुड मैकेंजी के अनुसार, भारत ने उर्वरक संयंत्रों, रिफाइनरी और औद्योगिक उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति घटाकर घरों की पाइप वाली रसोई गैस और वाहनों की सीएनजी आपूर्ति बनाए रखी। सरकारी सब्सिडी से यूरिया उत्पादन भी बना रहा, जबकि महंगी गैस के कारण एलएनजी खरीद की कीमतें बढ़ीं।

नई दिल्ली, एजेंसी। पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति बाधित होने के बीच भारत ने उर्वरक संयंत्रों, रिफाइनरी और औद्योगिक उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति घटाकर शहरी गैस वितरण पर असर नहीं पड़ने दिया है। ऊर्जा परामर्श कंपनी वुड मैकेंजी ने सोमवार को यह बात कही। इसके साथ ही, परामर्श कंपनी ने एक रिपोर्ट में संघर्ष के कारण दक्षिण एशिया में 2026 के दौरान गैस की मांग करीब 60 लाख टन घटने का अनुमान भी जताया। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले इस साल दक्षिण एशिया में एलएनजी की मांग 27 लाख टन यानी सात प्रतिशत बढ़ने का अनुमान था। हालांकि, होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान और कतर तथा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण यह अनुमान बदल गया।
शहरी गैस आपूर्ति बनाए रखने के लिए कटौती
रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने मार्च और अप्रैल में उर्वरक संयंत्रों, रिफाइनरी और औद्योगिक उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति घटाई। इससे घरों में पाइप के जरिये रसोई गैस और वाहनों के लिए सीएनजी की आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिली।
सब्सिडी से यूरिया उत्पादन को सहारा
सरकारी सब्सिडी ने भी उर्वरक उत्पादन बनाए रखने में मदद की। कंपनी के अनुसार, यूरिया का दैनिक उत्पादन 12,000 से 15,000 टन तक बढ़ गया। मई में इसका मासिक उत्पादन 25.19 लाख टन और जून में 25.37 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
एलएनजी खरीद की कीमतों में बढ़ोतरी
हालांकि, भारत को महंगी गैस का असर झेलना पड़ा। मार्च से जून के बीच एलएनजी खरीद के लिए निविदाओं में कीमतें 16.8 से 18.8 डॉलर एमएमबीटीयू के बीच रहीं, जो सितंबर में बढ़कर 26.4 डॉलर प्रति इकाई हो गईं।

