इंडिया पोस्ट का कारोबार लगातार हो रहा मजबूत : सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इंडिया पोस्ट का कारोबार बढ़ रहा है। डाक विभाग ने पहली बार 4000 करोड़ का कारोबार किया है, जो लोगों के विश्वास का प्रतीक है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 22.2% वृद्धि हुई है। उन्होंने कर्मचारियों की मेहनत और सेवाओं का श्रेय दिया।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का कहना है कि इंडिया पोस्ट का कारोबार लगातार मजबूत हो रहा है। पहली बार डाक विभाग ने चार हजार करोड़ से अधिक का कारोबार किया है, जो करोड़ों लोगों के इंडिया पोस्ट पर भरोसे का प्रतीक है। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री ने विज्ञान भवन में डाक विभाग की तिमाही व्यवसाय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के परिणाम और आगे के लक्ष्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में इंडिया पोस्ट ने 4008.95 करोड़ का कारोबार किया, जो अब तक का सबसे अधिक है।
बीते वर्ष की समान अवधि तुलना में 22.2 फीसदी अधिक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नेतृत्व में इंडिया पोस्ट के आधुनिक, तकनीक आधारित और नागरिक-केंद्रित संगठन बनने की दिशा में हो रहे बदलाव का परिणाम है। इसका श्रेय देशभर के डाक कर्मचारियों की मेहनत और बेहतर सेवाओं को दिया।समीक्षा बैठक में विभाग के सभी प्रमुख कारोबार क्षेत्रों में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। पार्सल सेवाओं में 49.9, मेल सेवाओं 41.9, अंतरराष्ट्रीय कारोबार में 34.3 और नागरिक सेवाओं में 85.7 फीसदी की वृद्धि हुई। वहीं, पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस और ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 20.1 फीसदी और पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक के कारोबार में 9.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।


