ब्यूरो-- मौसम के हिसाब से बनेंगे नेशनल हाईवे, गर्मी में पिघलेंगे नहीं, बारिश में टूटेंगे नहीं
- विशेष डामर का होगा इस्तेमाल, सड़कों की उम्र बढ़ेगी, मरम्मत का खर्चा भी बचेगा

नई दिल्ली।
देश में राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे के निर्माण की नीति में बड़ा बदलाव करते हुए सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने जलवायु परिवर्तन और यातायात के भारी दबाव के आधार पर बिटुमेन (डामर) के विशेष प्रकार और ग्रेड का चयन अनिवार्य कर दिया है। नए मानकों के तहत लद्दाख की ठंड से लेकर राजस्थान की अत्यधिक गर्मी तक अलग-अलग इलाकों के लिए संशोधित बिटुमेन का उपयोग होगा।
दावें और सुधार
दावा है कि इससे सड़कें मजबूत और टिकाऊ बनेंगी। इनमें गड्ढे नहीं पड़ेंगे जिससे यात्रियों का सफर सुरक्षित बनेगा। नए मानक से शुरुआती सड़क निर्माण लागत में करीब 10 से 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी होगी, लेकिन इससे सड़कों की मरम्मत और रखरखाव पर होने वाले खर्च में 50 फीसदी तक की भारी कमी आएगी।
मंत्रालय ने 23 अगस्त को इस बाबत विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि देशभर में जलवायु परिवर्तन, तापमान के उतार-चढ़ाव और वाहनों के भारी दबाव को ध्यान में रखकर ही अब सड़कों का निर्माण किया जाएगा। देश के अलग-अलग हिस्सों में सड़क निर्माण के लिए चार प्रमुख विस्कोसिटी ग्रेड (वीजी) वाले बिटुमेन और पॉलिमर मॉडिफाइड बिटुमेन (पीएमबी) का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया गया है।
मौसम और ट्रैफिक के दबाव के हिसाब से होगा इस्तेमाल
अधिकारी ने बताया कि भारी ट्रैफिक, अत्यधिक गर्मी वाले मैदानी और औद्योगिक इलाकों (तापमान 45° डिग्री) के लिए वीजी-40 ग्रेड बिटुमेन और पीएमबी-64 की सिफारिश की गई है। इसकी मजबूती सामान्य डामर से कहीं अधिक होती है। इसके प्रयोग से 50 डिग्री तक के पारे में भी डामर पकड़ नहीं छोड़ेगा। सड़कों पर गड्ढे या दरारें नहीं पड़ेंगी। मध्यम तापमान और सामान्य ट्रैफिक वाले इलाकों के लिए वीजी-30 और वीजी-20 ग्रेड का चयन किया गया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे ठंडे व पहाड़ी क्षेत्रों के लिए वीजी-10 और सीआरएमबी (क्रंब रबर मॉडिफाइड बिटुमेन) का उपयोग होगा। यह शून्य से नीचे तापमान जाने पर भी सड़क को जमने और टूटने से बचाएगा। अत्यधिक बारिश वाले क्षेत्रों में पानी के रिसाव को रोकने के लिए स्पेशल एंटी-स्ट्रिपिंग एजेंट युक्त बिटुमेन का उपयोग होगा।
लंबी उम्र और ईंधन की बचत
--------------
लंबी उम्र: वर्तमान में इस्तेमाल होने वाले सामान्य बिटुमेन की सड़कें 3 से 5 साल में खराब हो जाती हैं, लेकिन नए मॉडिफाइड ग्रेड्स से बनी सड़कों की उम्र बढ़कर 10 से 15 साल हो जाएगी।
ईंधन की बचत: सड़कों के गड्ढा मुक्त रहने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। गाड़ियों के ईंधन की खपत में 5 से 7 फीसदी की बचत होगी।
सुरक्षित सफर: अचानक होने वाले सड़क हादसों में बड़ी कमी आएगी।
---------------


