देश का पहला एआई सैटेलाइट अंतरिक्ष रवाना
- अंतरिक्ष में ही डाटा का विश्लेषण करने में सक्षम - हैदराबाद की निजी अंतरिक्ष

कैलिफोर्निया, एजेंसी। भारत की निजी अंतरिक्ष टेक कंपनी ‘टेकमी2स्पेस’ ने देश का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजा है। यह लॉन्च स्पेसएक्स के ट्रांसपोर्टर-18 मिशन के तहत किया गया। इस सैटेलाइट का नाम एमओआई-1ए है। इसका मकसद अंतरिक्ष में ‘ऑर्बिटल डाटा सेंटर’ तैयार करना है। इसे अमेरिकी कंपनी स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से रवाना किया गया। इसके साथ ही भारत उन कुछ चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जिसने एआई सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजे हैं:
अंतरिक्ष में ही डाटा प्रोसेस करेगा
- यह सिर्फ अंतरिक्ष से तस्वीरें लेने वाला सैटेलाइट नहीं है।
- इसमें एआई आधारित कंप्यूटिंग क्षमता भी है।
- यह अंतरिक्ष में ही सैटेलाइट से मिले डाटा का विश्लेषण और प्रोसेसिंग कर सकता है।
कुल पांच सैटेलाइट बनाएंगे डेटा सेंटर
- कंपनी की योजना ऐसे कुल पांच सैटेलाइट लॉन्च करने की है।
- ये सभी मिलकर ऑर्बिटल डाटा सेंटर बनाएंगे।
- यह पृथ्वी की निगरानी का काम भी करेंगे।
एमओआई-1ए सैटेलाइट की खासियत
- 14 किलोग्राम है इसका वजन
- 2 टेराबाइट है स्टोरेज
- 17 ट्रिलियन ऑपरेशंस प्रति सेकंड की कंप्यूटिंग क्षमता
- मल्टीस्पेक्ट्रल इमेजर पृथ्वी की तस्वीरें और जानकारी जुटा सकता है।
खेती-खनन क्षेत्रों की जानकारी जुटा सकता है
इस सैटेलाइट का इस्तेमाल खेती की निगरानी, खनन क्षेत्रों की जानकारी जुटाने और सप्लाई चेन से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखने जैसे कामों में किया जा सकता है। उदाहरण के लिए, सैटेलाइट खेतों की स्थिति से जुड़ा डाटा जुटाकर उसका शुरुआती विश्लेषण अंतरिक्ष में ही कर सकता है। इससे हर तस्वीर और डाटा को पहले जमीन पर भेजने की जरूरत कम हो सकती है।
2028 में अंतरिक्ष में डाटा सेंटर की तैयारी
‘टेकमी2स्पेस’ कंपनी ने 2028 में अंतरिक्ष में डाटा सेंटर बनाने की योजना भी बनाई है। इसके लिए 100-100 किलो वजन वाले ज्यादा क्षमता के सैटेलाइट भेजने की तैयारी है। इनमें बड़ी संख्या में ग्राफिक्स प्रोसेसर और करीब 100 टेराबाइट स्टोरेज रखने की योजना है।


