20 विद्यालयों में भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा प्रतियोगिता आज
गोला गोकर्णनाथ में सोमवार को भारत विकास परिषद शाखा छोटी काशी गोला द्वारा 'भारत को जानो' अखिल भारतीय लिखित परीक्षा प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की संस्कृति, इतिहास और विविधता से परिचित कराना है। विद्यार्थी भारत के प्रति ज्ञान और गर्व की भावना विकसित करेंगे।

गोला गोकर्णनाथ। भारत विकास परिषद शाखा छोटी काशी गोला के तत्वावधान में सोमवार को भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के तहत क्षेत्र के 20 विद्यालयों में एक साथ परीक्षा आयोजित होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को देश की गौरवशाली विरासत संस्कृति इतिहास और विविधता से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल परीक्षा कराना नहीं बल्कि विद्यार्थियों के मन में भारत के प्रति ज्ञान सम्मान और गौरव की भावना विकसित करना है। विद्यार्थियों को भारत को जानो भारत को समझो और भारत पर गर्व करो का संदेश दिया जाएगा।
प्रतियोगिता को निष्पक्ष पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विद्यालयों में जिम्मेदार पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए भारत विकास परिषद शाखा के पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। शाखा अध्यक्ष अनुज खरे, सचिव मनोज वर्मा, कोषाध्यक्ष पटेल सुशील वर्मा, शाखा प्रभारी एवं जिला समन्वयक राम सागर वर्मा, संयोजक संस्कार बीडी वर्मा, संयोजक शैलेंद्र वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।


