हॉट स्प्रिंग, गोगरा समेत 28 स्थल लद्दाख के नक्शे में शामिल

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

भारत सरकार ने चीन की आक्रामकता से निपटने के लिए लद्दाख में 28 रणनीतिक स्थानों को मानचित्र में शामिल किया है। इनमें हॉट स्प्रिंग और गोगरा शामिल हैं। यह कदम आधिकारिक नक्शा निर्माण को व्यवस्थित करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए उठाया गया है।

हॉट स्प्रिंग, गोगरा समेत 28 स्थल लद्दाख के नक्शे में शामिल

सीवावर्ती क्षेत्रों में चीन की आक्रामकता से निपटने की रणनीति के तहत भारत सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 28 स्थानों और भौगोलिक विशेषताओं को भारतीय मानचित्र में शामिल किया है। इनमें वास्तविक नियंत्रण रेखा पर स्थित दो महत्वपूर्ण स्थान हॉट स्प्रिंग और गोगरा भी शामिल हैं। यहां 2020 में दोनों देशों की सेनाओं में टकराव हुआ था। सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी एक बयान के अनुसार यह कदम लद्दाख शासन के साथ विचार-विमर्श करके उठाया गया है।

राजनीतिक बयान

इस कदम का मकसद आधिकारिक नक्शा-निर्माण को व्यवस्थित करना, सटीक पहचान को आसान बनाना और संवेदनशील सीमावर्ती इलाके के बारे में लोगों में अधिक जागरूकता पैदा करना है। बयान में कहा गया कि भारत सरकार ने लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के साथ सलाह-मशविरे के बाद भारतीय सर्वेक्षण विभाग (एसओआई) के आधिकारिक नक्शे पर लद्दाख में मौजूद कुल 28 जगहों एवं विशेषताओं की पहचान उनके मानक नामों के साथ की है। इन 28 स्थानों में अलीशा गिरी (ऊंचाई वाली चोटी), ब्रांगसा, चैपचिंगल दर्रा, कनिष्क चोटी, करुण पीर पर्वत, कुकसेल, मार्तंड गिरी, पारपिक ग्लेशियर, स्कमरी ग्लेशियर, शचमिरिक दर्रा, श्कोर्गा घाटी, जोरावर चोटी, देहरा कंपास और द्रक कार्पो भी शामिल हैं।

नई पहचान

इसके अलावा जोलमोरी, कुमारायण प्वाइंट, पांगलुंग, रिनचेन जांगपो, शाक्यश्री गिरी, गुरु रिनपोचे, शामल लुंगपा (1950 के दशक में गश्त और सैनिकों की तैनाती के लिए इस्तेमाल होने वाला मार्ग), यांगपा नदी, मारपा लोत्सावा री, मिलारेपा कांगरी, शिव री और महेश्वर री को भी आधिकारिक मानचित्र पर चिह्नित किया गया है। गोगरा और हॉट स्प्रिंग भारतीय गश्त के लिए महत्वपूर्ण हैं। पूर्वी लद्दाख सीमा पर भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच गतिरोध पांच मई, 2020 को पैंगोंग झील क्षेत्र में हिंसक झड़प के बाद शुरू हुआ था। दोनों पक्षों ने 2022 में सैनिकों को पीछे हटाने की प्रक्रिया शुरू की थी।

विश्लेषण

विशेषज्ञों के अनुसार सरकार के इस कदम को चीनी आक्रामकता से निपटने के रूप में भी देखा जा रहा है। पूर्व में चीन अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों के नाम बदलने की असफल कोशिश कर चुका है जबकि वे भारतीय स्थान हैं। इसलिए कुछ समय पहले भारत ने अरुणाचल प्रदेश में 27 स्थानों के नाम तय किए थे जिनमें कुछ स्थान ऐसे भी थे जिन पर चीन दावा करता था। लद्दाख के मानचित्र में नए स्थानों को शामिल किए जाने से सीमावर्ती क्षेत्र में भविष्य में चीन अरुणाचल प्रदेश जैसी हरकत नहीं दोहरा पाएगा।

Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsहॉट स्प्रिंग, गोगरा समेत 28 स्थल लद्दाख के नक्शे में शामिल