चलते-चलते-- दूसरों की सिगरेट के धुएं से दुनिया में 17 लाख मौतें

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

भारत में 2023 में सेकेंड हैंड स्मोक के कारण 3.25 लाख लोगों की मौत हुई। 44.4 करोड़ भारतीय तंबाकू के धुएं के संपर्क में आए। अध्ययन के अनुसार, बच्चों पर इसके गंभीर असर पड़ रहा है और कुल 17 लाख मौतें अनुमानित हैं। धूम्रपान घटा, लेकिन खतरा बरकरार है।

चलते-चलते-- दूसरों की सिगरेट के धुएं से दुनिया में 17 लाख मौतें

- शोध में दावा- भारत में 2023 में इस कारण 3.25 लोगों ने जान गंवाई

अध्ययन के आँकड़े

पेरिस, एजेंसी। दुनिया में हर साल करोड़ों लोग बीड़ी-सिगरेट का सेवन नहीं करने के बावजूद उसके धुएं की चपेट में आते हैं। एक नए अध्ययन के मुताबिक, 2023 में दुनियाभर में करीब 2.7 अरब लोग सेकेंड हैंड स्मोक यानी दूसरे लोगों के सिगरेट या तंबाकू के धुएं के संपर्क में आए। इस वजह से करीब 17 लाख लोगों की समय से पहले मौत होने का अनुमान है। यह अध्ययन प्रतिष्ठित पत्रिका द लैंसेट में प्रकाशित हुआ।

भारत में प्रभाव

शोध के मुताबिक, भारत में इसका गंभीर असर नजर आया। 2023 में भारत में ऐसे धुएं के कारण करीब 3.25 लाख लोगों की मौत हुई जबकि 1990 में मौतों का यह आंकड़ा करीब 2.17 लाख था। 2023 में करीब 44.4 करोड़ भारतीय दूसरे लोगों के तंबाकू के धुएं के संपर्क में आए। भारत सेकेंड हैंड स्मोक के संपर्क में आने वाली आबादी के मामले में दुनिया में दूसरे स्थान पर रहा। भारत से आगे केवल चीन था.

बच्चों पर असर

76.7 करोड़ बच्चे प्रभावित: अध्ययन के अनुसार, सेकेंड हैंड स्मोक का असर बच्चों पर भी गंभीर रूप से पड़ रहा है। 2023 में धुएं के संपर्क में आने वाले करीब 2.7 अरब लोगों में 76.7 करोड़ बच्चे 0 से 14 साल की उम्र के थे। बच्चों में इस कारण 2023 में करीब 52 लाख श्वसन तंत्र के संक्रमण होने का अनुमान लगाया गया है।

धूम्रपान से 80 लाख लोगों की मौत: दुनिया में 2023 के दौरान धूम्रपान और उससे जुड़ी बीमारियों के कारण कुल करीब 80 लाख लोगों की मौत हुई। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की भी थी जिन्होंने खुद धूम्रपान नहीं किया था, लेकिन दूसरे लोगों के तंबाकू के धुएं के संपर्क में आए थे। इस शोध में 1990 से 2023 तक के डाटा का विश्लेषण किया गया है।

धूम्रपान घटा लेकिन खतरा बरकरार

अध्ययन में यह भी सामने आया कि पिछले तीन दशकों में दुनियाभर में धूम्रपान करने वालों का अनुपात काफी कम हुआ है, लेकिन सेकेंड हैंड स्मोक के संपर्क में आने वाले लोगों की कुल संख्या में खास कमी नहीं आई है। इसका एक बड़ा कारण दुनिया की बढ़ती आबादी है। इसके अलावा अफ्रीका और मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में इसका असर ज्यादा देखने को मिला है.

धुएं की दोहरी मार कर रही बीमार

शोधकर्ताओं ने बताया कि जब कोई व्यक्ति आसपास सिगरेट या अन्य तंबाकू उत्पाद का सेवन करता है तो पास खड़े लोगों को दो तरह का धुआं सांस के जरिए अंदर लेना पड़ता है। इसमें जलते हुए तंबाकू से निकलने वाला धुआं और धूम्रपान करने वाले व्यक्ति द्वारा बाहर छोड़ा गया धुआं शामिल है। अध्ययन के मुताबिक, जलते हुए तंबाकू से निकलने वाला धुआं आसपास की हवा में बड़ी मात्रा में फैलता है। इसमें कई जहरीले और कैंसर पैदा करने वाले रसायन होते हैं।

महिलाओं के स्वास्थ्य पर असर

महिलाओं पर भी इसका असर असमान रूप से पड़ रहा है। खासकर उन क्षेत्रों में जहां महिलाओं के बीच धूम्रपान की दर कम है। वे घर या अपने आसपास मौजूद धूम्रपान करने वाले पुरुषों के कारण तंबाकू के धुओं के संपर्क में आ सकती हैं। अध्ययन में कहा गाया कि महिलाओं के स्वास्थ्य पर सेकेंड हैंड स्मोक के इस प्रभाव को अभी भी उतनी गंभीरता से नहीं पहचाना जाता जितनी जरूरत है.

दिल की बीमारी का खतरा

दूसरों की सिगरेट-बीड़ी के धुएं के संपर्क में आने से मुख्य रूप से दिल की बीमारियां होने का खतरा ज्यादा है। धुएं के कारण हृदय की मांसपेशियों तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से हृदय और सांस से जुड़ी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है.

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦भारत में सेकेंड हैंड स्मोक के कारण कितनी मौतें हुईं?−
भारत में 2023 में सेकेंड हैंड स्मोक के कारण करीब 3.25 लाख लोगों की मौत हुई।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsचलते-चलते-- दूसरों की सिगरेट के धुएं से दुनिया में 17 लाख मौतें