खेल : भुवनेश्वर की ‘एंट्री’ से निर्णायक जंग रोचक

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

टी-20 सीरीज शोल्डर : वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतिम मुकाबला आज, टीम इंडिया पर सात

खेल : भुवनेश्वर की ‘एंट्री’ से निर्णायक जंग रोचक

बेंगलुरु, एजेंसी। विश्व चैंपियन भारत पर सात साल में घर में पहली टी-20 सीरीज हारने का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय टीम को अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें और अंतिम-20 में जीत दर्ज करनी है तो शनिवार को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। साथ ही वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप पर लगाम लगानी होगी। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं। भुवी की सबसे बड़ी ताकत नई गेंद से स्विंग हासिल करना, सटीक लाइन-लेंथ और डेथ ओवरों में बल्लेबाजों को खुलकर खेलने से रोकना है। वह ऐसे गेंदबाज हैं जो अपनी रफ्तार से ज्यादा गेंद की दिशा, स्विंग और विविधता से बल्लेबाजों को परेशान करते हैं। वेस्टइंडीज जैसी आक्रामक बल्लेबाजी वाली टीम के खिलाफ उनकी ये खूबियां उपयोगी हो सकती हैं। उन्हें अर्शदीप की जगह टीम में शामिल किया गया है। हैदराबाद में चौथे मैच के दौरान अर्शदीप को गेंदबाजी करने वाले हाथ के कंधे पर चोट लगी थी। अर्शदीप की उपलब्धता पर फैसला उनकी चोट से उबरने की स्थिति को देखते हुए मुकाबले से पहले लिया जाएगा।

शाई होप और विंडीज की चुनौती

शाई बन रहे सिरदर्द : इस दौर में शाई होप भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द रहे हैं। फिर चाहे व वनडे हो या टी-20। अब तक खेले गए सात मुकाबलों में से जिन तीन में होप नाबाद रहे हैं उनमें भारतीय टीम को हार मिली है। इन तीनों में उन्होंने शतक जड़े हैं। अब अगर भारतीय टीम को फरवरी 2019 के बाद घर में पहली सीरीज गंवाने से बचना है तो होप के साथ ही शेफरेन रदरफोर्ड पर लगाम कसनी होगी। यह दोनों सीरीज में 200 से अधिक रन बना चुके हैं। अन्य कोई भी बल्लेबाज 160 का आंकड़ा नहीं छू पाया है। भारतीय गेंदबाजों को वेस्टइंडीज पर शुरू से ही दबाव बनाना होगा। साथ ही भारतीय ओपनरों को बड़ी साझेदारी करनी होगी और क्षेत्ररक्षण भी सुधारना होगा।

भारतीय बल्लेबाजी की चुनौतियां

बड़ी ओपनिंग साझेदारी नहीं : भारत के लिए समस्या शीर्ष क्रम से शुरू होती है। सैमसन और अभिषेक ने अभी तक तीन अर्धशतक जड़े हैं लेकिन सलामी जोड़ी के रूप में उनका योगदान 29, 42, 7 और 60 रहा है। हैदराबाद में 60 रन की साझेदारी में सैमसन ने 56 रन बनाए। इसमें अभिषेक का योगदान दो रन का रहा। एक बार साझेदारी टूटने के बाद मध्यक्रम इस बार पारी को संभाल नहीं सका।

मध्यक्रम भी नाकाम : ईशान, श्रेयस और नमन भी बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे। लखनऊ में शतक जड़ने के बाद श्रेयस लय से भटक गए। यहां हारने से बतौर कप्तान उनकी छवि भी खराब होगी। उनकी कप्तानी को खतरा नहीं है लेकिन अनुभवी और आक्रामक विरोधी टीम के सामने उनकी नेतृत्व क्षमता पर सवाल जरूर उठ सकते हैं। तीसरे नंबर पर ईशान ने भी निराश किया है। वहीं धीर भी मौके का फायदा नहीं उठा पाए। तिलक और नितिश भी घरेलू मैदान पर रन बनाने लिए जूझते रहे।

गेंदबाजी में संभावित बदलाव

कुलदीप को मिल सकता है मौका : भारत स्पिनर कुलदीप को फिर अंतिम एकादश में ला सकता है। उनका अनुभव टीम के लिए कारगर साबित हो सकता है। तेज आक्रामण का जिम्मा भुवी संभाल सकते हैं। पिछले मैच में प्रिंस, मयंक, धीर और नितीश कैरेबियाई बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सके हैं। लिहाजा भुवी का अनुभव काफी कारगर साबित होगा।

मैच और आमने-सामने के आंकड़े

---------------

प्रसारण : शाम 7:00 बजे

स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर

--------------------

आमने-सामने

कुल मैच : 35

भारत जीता : 22

वेस्टइंडीज जीता : 12

बेनतीजा : 1

-----------------

भारत में वेस्टइंडीज का रिकॉर्ड

24 साल से भारत में कोई सीरीज नहीं जीती है विंडीज ने

वेस्टइंडीज की टीम ने 24 साल से भारत में कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं जीती है। यह वह बेंगलुरु में जीतने में सफल रहता है तो 2002 के बाद यह उसकी भारतीय सरजमीं पर किसी भी प्रारूप में पहली जीत होगी। तब विंडीज ने भारत को सात मैचों की वनडे सीरीज में 4-3 से हराया था।

बेंगलुरु का मैदान और मौसम

------------------

बरसेंगे रन

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की सपाट पिच बल्लेबाजों की ऐशगाह मानी जाती है। इस मैदान पर हालांकि अक्तूबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेली गई है। कुछ आईपीएल मैचों के अलावा यहां बड़े मैच भी नहीं खेले गए।

दस साल बाद खेलेगा वेस्टइंडीज

वेस्टइंडीज की टीम भारतीय टीम के खिलाफ यहां पहली बार खेलेगी। हालांकि वह श्रीलंका के खिलाफ श्रीलंका के खिलाफ 10 साल पहले विश्व कप में खेल चुकी हैं। उस मुकाबले में टीम ने सात विकेट से बड़ी जीत दर्ज की थी।

तब सुपर ओवर में जीता था भारत

भारतीय टीम दो साल बाद यहां खेलेगी। उसने यहां आठ मुकाबले खेले हैं जिसमें से चार जीते, तीन हारे और एक बेनतीजा रहा है। पिछला मैच उसने जनवरी 2024 में अफगानिस्तान से खेला था जो टाई रहने के बाद दूसरे सुपर ओवर में जीता था।

--------------------

मैच के अहम आंकड़े और बारिश की आशंका

नंबर गेम

-4 साल बाद राष्ट्रीय टीम के लिए पहला टी-20 खेल सकते हैं भुवी

-90 विकेट चटकाए हैं अब तक 87 मैचों में 6.96 की इकोनॉमी से

-19 लगातार सीरीज से घर में अजेय है भारतीय टीम

-7 साल पहले उसे 2019 में आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया ने हराया था

------------------------

•बारिश बिगाड़ सकती है खेल

निर्णायक मुकाबले में बारिश खेल बिगाड़ सकती है। मौसम विभाग ने शनिवार को बेंगलुरु में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अनुसार शाम पांच बजे 66% बारिश जबकि टॉस के समय बारिश की संभावना 68% है। रात आठ से नौ बजे के बीच लगभग 70% बारिश का अनुमान है।

•------------------

भारत की घरेलू सीरीज का सिलसिला

चार साल से कभी लगातार दो मैच नहीं हारा भारत

भारतीय टीम पिछले चार साल से घर में फटाफट क्रिकेट में कभी लगातार दो मैच (द्विपक्षीय सीरीज और विश्व कप) नहीं हारी है। अगर वह शनिवार को मैच गंवाता है तो जून 2022 के बाद पहली बार ऐसा होगा। इसके साथ ही भारतीय टीम का घर में लगातार 19 सीरीज से अजेय रहने का सिलसिला भी थम जाएगा। उसने पिछली सीरीज फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया के हाथों गंवाई थी। उसके बाद से 17 सीरीज जीती और दो ड्रॉ रही हैं।

विंडीज के 57.5% रन होप-रदरफोर्ड ने बनाए

विंडीज के बल्लेबाजों के कुल रनों में से 482 रन यानी 57.5% उसके दो बल्लेबाजों कप्तान होप और रदरफोर्ड ने 190 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। बाकी बल्लेबाज मिलकर 356 रन बना पाए हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦भारत और वेस्टइंडीज के बीच कुल कितने मुकाबले हुए हैं और उनमें भारत ने कितने जीते हैं?−
कुल 35 मुकाबले हुए हैं। भारत ने 22 और वेस्टइंडीज ने 12 जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsखेल : भुवनेश्वर की ‘एंट्री’ से निर्णायक जंग रोचक