विहिप नेता हत्याकांड का आरोपी यूएई से लाया गया
भारतीय एजेंसियों ने विश्व हिंदू परिषद के नेता विकास प्रभाकर की हत्या से जुड़े हरविंदर कुमार को यूएई से भारत लाने में सफलता पाई है। हरविंदर ने हत्या में शामिल लोगों को वित्तीय सहायता दी थी। एनआईए ने इसे वांछित घोषित किया था और दिल्ली हवाई अड्डे पर उसकी गिरफ्तारी की।

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय एजेंसियों को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता विकास प्रभाकर की हत्या के मामले से कथित तौर पर जुड़े हरविंदर कुमार उर्फ सोनू को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत लाने में सफलता मिली है। हरविंदर ने घटना को अंजाम देने वालों को कथित तौर पर वित्तीय मदद मुहैया कराई थी। राष्ट्रीय जांच ब्यूरो (एनआईए) ने उसे वांछित घोषित किया था। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि हरविंदर को कूटनीतिक प्रयासों के बाद गुरुवार को भारत प्रत्यर्पित किया गया। दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद एनआईए ने उसे गिरफ्तार कर लिया। विहिप नेता की हत्या आतंकी संगठन ‘बब्बर खालसा इंटरनेशनल’ के गुट ने की थी।
एनआईए ने हत्या के संबंध में नौ मई, 2024 को मामला दर्ज किया था। इस मामले में अब तक तीन आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। यह गिरफ्तारी यूएई में रह रहे एक अन्य आरोपी मनवीर राम को 13 अगस्त को गिरफ्तार किए जाने के बाद हुई है। एनआईए की जांच के अनुसार, प्रभाकर की हत्या की साजिश बीकेआई के जर्मनी में मौजूद आकाओं ने रची थी जिनकी पहचान हरजीत सिंह उर्फ लड्डी और कुलबीर सिंह उर्फ सिद्धू के तौर पर हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि हरविंदर ने यूएई में रहते हुए विदेश में सक्रिय बीकेआई के सदस्यों को रसद मुहैया कराने और वित्तीय सहायता देने में अहम भूमिका निभाई।

