पाकिस्तान ने खुद स्वीकारा भारत में भेजता है मुजाहिदीन: विदेश मंत्रालय
भारत ने पाकिस्तान द्वारा पीओके में प्रदर्शनकारियों पर की गई फायरिंग में 40 मौतों के मामले में अंतरराष्ट्रीय समुदाय से जांच की मांग की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान ने अपने आतंकवादियों को भारत में भेजने की बात स्वीकारी है। भारत ने निर्दोष लोगों पर अत्याचार के लिए जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की है।

पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सेना की फायरिंग में 40 लोगों की मौत पर भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जांच की मांग की है। भारत ने कहा कि इस प्रकरण में पाक ने स्वीकारा है कि वह भारत में खून बहाने के लिए मुजाहिदीन भेजता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्तार रंधीर जैसवाल ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेस में कहा कि शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग में पीओके में 40 से ज्यादा लोग मारे गए हैं तथा कई घायल हुए हैं। पीओके के मासूम लोगों के लिए पाकिस्तान की नफरत सामने आ गई है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने इन लोगों को अपना दुश्मन बताया। इसके अलावा राजनीतिक मामलों पर प्रधानमंत्री के विशेष सहायक ने खुले तौर पर माना कि जिन मुजाहिदीन को पाकिस्तान सरकार ने ट्रेनिंग और हथियार दिए तथा भारत में खून बहाने के लिए भेजा, उन्होंने अपनी बंदूकें झुका ली हैं तथा इसका इस्तेमाल वे पाकिस्तान के खिलाफ ही करने लगे हैं। जैसवाल ने कहा, इससे पाकिस्तान ने अपनी करतूतों की पुष्टि कर दी है। भारत ने विश्व समुदाय से इस हिंसा की स्वतंत्र जांच करने और निर्दोष लोगों पर अत्याचारों के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की है。
रूसी सेना में भारतीय
एक प्रश्न के उत्तर में जैसवाल ने कहा कि रूस सेना से अब तक 139 भारतीयों की रिहाई हो चुकी है। अभी भी 24 भारतीयों के वहां होने की खबर है। सरकार उनकी रिहाई के लिए लगातार कोशिश कर रही है। साथ ही उन्होंने कुछ एजेंसियों द्वारा रूसी सेना में भर्ती के लिए दिए जा रहे ऐसे प्रस्तावों से सावधान रहने की अपील की है।
नाविकों की तलाश जारी
जैसवाल ने कहा कि यूक्रेन के ओडेसा पोर्ट के निकट एमवी राग्नार पोत पर हुए हमले में दो लापता भारतीय नाविकों की तलाश जारी है। यूक्रेन और रोमानिया द्वारा चलाए जा रहे खोजबीन अभियान में पर भारत नजर रखे हुए है। साथ ही लापता नाविकों के परिजनों के भी संपर्क में है।
17 नाविकों की मौत या लापता
एक सवाल के जवाब में जैसवाल ने कहा कि अब वाणिज्यिक पोतों पर हुए हमलों में 13 भारतीय नाविकों की मौत हुई है तथा 4 लापता है। इनमें से होर्मुज क्षेत्र में 8 मौतें तथा 2 लापता हैं। जबकि काला सागर में 5 मौतें तथा 2 लापता हैं।
अमेरिका से 1273 डिपोर्ट
विदेश मंत्रालय ने एक सवाल का जवाब देते हुए बताया कि इस साल अमेरिका से अब तक 1273 भारतीयों को डिपोर्ट किया जा चुका है। ये लोग बिना वीजा के वहां रह रहे थे। जबकि पिछले साल 3567 भारतीय वापस भेजे गए थे।
पाकिस्तानी कश्मीर पर कड़ी प्रतिक्रिया
अमेरिकी समाचार पत्र द्वारा पीओके को पाकिस्तानी कश्मीर बताने वाली रिपोर्ट पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पीओके पर अंतरराष्ट्रीय संगठनों और मीडिया संस्थानों को कानूनी नामों का इस्तेमाल करना होगा। जम्मू- कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न अंग है, था और हमेशा रहेगा।


