ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशकोरोना से कहर के बीच देश को 140 दिन बाद मिली यह बड़ी खुशखबरी, जानें क्या

कोरोना से कहर के बीच देश को 140 दिन बाद मिली यह बड़ी खुशखबरी, जानें क्या

कोरोना वायरस कहर के बीच भारत को करीब 140 दिनों बाद एक बड़ी राहत मिली है। देश में कोरोना वायरस के कुल एक्टिव मामले 4 लाख से नीचे हो गए हैं। भारत में कोरोना वायरस के एक्टिव केसों की संख्या सोमवार को...

कोरोना से कहर के बीच देश को 140 दिन बाद मिली यह बड़ी खुशखबरी, जानें क्या
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीMon, 07 Dec 2020 01:10 PM
ऐप पर पढ़ें

कोरोना वायरस कहर के बीच भारत को करीब 140 दिनों बाद एक बड़ी राहत मिली है। देश में कोरोना वायरस के कुल एक्टिव मामले 4 लाख से नीचे हो गए हैं। भारत में कोरोना वायरस के एक्टिव केसों की संख्या सोमवार को 396729 दर्ज की गई। इससे पहले चार लाख से नीचे एक्टिव केसों की संख्या 20 जुलाई 2020 को 3,90,459 दर्ज की गई थी। पिछले दस दिनों के कोरोना वायरस के ट्रेंड को देखा जाए तो भारत में 24 घंटे में रोजोना मिलने वाले कोरोना केसों के मुकाबले रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा दर्ज की जा रही है। सोमवार को आए डेली डेटा के मुताबिक, आज पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 32,981 नए पॉजिटिव केस पाए गए, जबकि इससे ठीक होने वाले लोगों की संख्या 39,109 थी। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है। 

देश में कोविड-19 के मामले बढ़कर 96.77 लाख के पार चले गए हैं, लेकिन 91.39 लाख से अधिक लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही देश में अब चार लाख से कम लोगों का ही कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार एक दिन में कोविड-19 के 32,981 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 96,77,203 हो गए। वहीं 391 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,40,573 हो गई।

आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 3,96,729 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 4.10  प्रतिशत है। उसके अनुसार 91,39,901 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही, देश में मरीजों के ठीक होने की दर 94.45 प्रतिशत है, वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है। भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी। वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार चले गए थे।

आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 391 लोगों की मौत हुई, उनमें से दिल्ली के 69, पश्चिम बंगाल के 46, महाराष्ट्र के 40, केरल के 28, हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश के 24-24 और पंजाब के 20 लोग थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में अभी तक कुल 1,40,573 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से महाराष्ट्र के 47,734, कर्नाटक के 11,856, तमिलनाडु के 11,793, दिल्ली के 9,646, उत्तर प्रदेश के 7,924, आंध्र प्रदेश के 7,033 , पंजाब के 4,916, गुजरात के 4,081 और मध्य प्रदेश के 3,337 लोग थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मामलों में मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें