जनगणना के द्वितीय चरण में पूछे जाएंगे 40 सवाल
जनगणना के द्वितीय चरण में पूछे जाएंगे 40 सवाल जनगणना के द्वितीय चरण में पूछे जाएंगे 40 सवाल जनगणना के द्वितीय चरण में पूछे जाएंगे 40 सवाल

ज्ञानपुर, संवाददाता। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या की गणना की तैयारियों को लेकर डीएम शैलेश कुमार सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों संग बैठक लिए। इसमें जनगणना कार्य के सफल एवं सुचारु संचालन, कार्मिकों के प्रशिक्षण तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति की गणना सुनिश्चित किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनगणना के द्वितीय चरण की प्रक्रिया
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। इससे पूर्व 16 से 30 नवम्बर तक नागरिकों को स्व-गणना का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिक निर्धारित पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार एवं परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज कर सकेंगे। द्वितीय चरण में पूछे जाने वाले प्रश्नों में व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, विवाह के समय आयु, पति/पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति/जनजाति, माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता, मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, शैक्षिक स्तर, पिछले वर्ष कार्य करने की स्थिति, व्यवसाय, उद्योग, कार्यस्थल तक आवागमन, जन्म स्थान, पिछला निवास स्थान, वर्तमान निवास की अवधि तथा पिछले निवास का पता आदि से संबंधित जानकारी शामिल होगी। इसके अतिरिक्त निर्धारित प्रपत्र के अनुसार कोविड-19 टीकाकरण से संबंधित जानकारी तथा बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट आदि से जुड़े प्रश्न भी शामिल होंगे। परिवार की मातृभाषा के रूप में हिंदी अथवा भोजपुरी दर्ज किए जाने का प्रावधान भी रहेगा। जिले में जनगणना कार्य के लिए पर्याप्त संख्या में कार्मिकों की व्यवस्था की जा रही है। लगभग 3,600 प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे, जबकि लगभग 550 पर्यवेक्षक कार्य की निगरानी करेंगे। जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों को कार्य की बारीकियों एवं निर्धारित प्रक्रिया से अवगत कराने के लिए 2 मास्टर ट्रेनर एवं 60 फील्ड ट्रेनर की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने निर्देशित किया कि जनगणना कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों को निर्धारित प्रशिक्षण गंभीरता एवं गुणवत्तापूर्वक प्रदान किया जाए। उन्हें जनगणना की प्रक्रिया, प्रपत्रों तथा डिजिटल माध्यम से संबंधित आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि गणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। कहा कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके सफल संचालन के लिए सभी स्तरों पर समन्वय, शुद्धता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बेघर व्यक्तियों की भी गणना सुनिश्चित की जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति जनगणना कार्य से वंचित न रहे। निर्देशित किया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। प्रशिक्षण कार्यशाला जनगणना निदेशालय के ट्रेनर पंकज सिंह द्वारा किया गया। इस मौके पर सीडीओ बाल गोविंद शुक्ल, एडीएम शुभांगी शुक्ला, तहसीलदार ज्ञानपुर अजय सिंह, डीआईओएस अंशुमान समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


