खेल : एशियाई खेलों के लिए 492 खिलाड़ियों का दल
खेल मंत्रालय ने अगले महीने जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए 492 खिलाड़ियों के दल को मंजूरी दी है। दल में 265 पुरुष और 227 महिला खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी और ई-स्पोर्ट जैसी विभिन्न स्पर्धाओं के प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। खेल मंत्रालय ने अगले महीने जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए शनिवार को 492 खिलाड़ियों वाले दल को मंजूरी दी है। इसमें सबसे बड़ा 73 सदस्यीय (35 पुरुष, 38 महिला) दल एथलेटिक्स का है। भारतीय टीम में 265 पुरुष और 227 महिला खिलाड़ी हैं। मंत्रालय ने अभी तक दल के साथ जाने वाले सहयोगी स्टाफ की सूची जारी नहीं की है। एथलेटिक्स में दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा, लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर, लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह, डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर और 100 मीटर बाधा दौड़ की धाविका ज्योति याराजी समेत कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।
बीस सदस्यीय बैडमिंटन टीम में पी वी सिंधु, आयुष शेट्टी, लक्ष्य सेन, गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली और सात्विकसाईराज रांकीरेड्डी और चिराग शेट्टी हैं। मुक्केबाजी टीम में 11 खिलाड़ी हैं। इनमें राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), नरेन्द्र बेरवाल ( 90 किग्रा) और जादूमणि सिंह (55 किग्रा) शामिल हैं। ई-स्पोर्ट प्रतियोगिता के लिए 15 खिलाड़ियों के नाम मंजूर किए गए हैं। वहीं 22 नौकाचालक भी आइची-नागोया में होने वाले इन खेलों के लिए यात्रा करेंगे।


