ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशभारत भी बना चीन के जासूसी गुब्बारे का शिकार, अमेरिकी अखबार ने किया बड़ा दावा

भारत भी बना चीन के जासूसी गुब्बारे का शिकार, अमेरिकी अखबार ने किया बड़ा दावा

US ने भारत समेत अपने सहयोगियों को चीनी गुब्बारे संबंधी जानकारी से अवगत कराया है। इस गुब्बारे को शनिवार को अटलांटिक महासागर के ऊपर साउथ कैरोलाइना के तट पर एक लड़ाकू विमान ने नष्ट कर दिया था।

भारत भी बना चीन के जासूसी गुब्बारे का शिकार, अमेरिकी अखबार ने किया बड़ा दावा
Nisarg Dixitएजेंसी,नई दिल्लीWed, 08 Feb 2023 11:17 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

चीनी गुब्बारे को लेकर शुरू हुई वैश्विक चिंता जारी है। अब कहा जा रहा है कि इस गुब्बारे के निशाने पर आने वाले देशों में भारत भी शामिल है। हालांकि, सरकार की ओर से इसे लेकर कुछ नहीं कहा गया है। कुछ दिनों पहले ही अमेरिका ने गुब्बारे के खिलाफ कार्रवाई कर खत्म कर दिया था। इससे पहले भी आसमान में गुब्बारा नजर आने की खबरें सामने आ चुकी हैं। 

एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। चीन ने भारत और जापान समेत कई देशों को निशाना बनाकर जासूसी गुब्बारों के एक बेड़े को संचालित किया है। यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है, जब कुछ ही दिन पहले अमेरिकी सेना ने अमेरिका के संवेदनशील प्रतिष्ठानों के ऊपर मंडरा रहे एक चीनी निगरानी गुब्बारे को नष्ट कर दिया था।

अमेरिकी अधिकारियों ने भारत समेत अपने मित्रों एवं सहयोगियों को चीनी गुब्बारे संबंधी जानकारी से अवगत कराया है। इस गुब्बारे को शनिवार को अटलांटिक महासागर के ऊपर साउथ कैरोलाइना के तट पर एक लड़ाकू विमान ने नष्ट कर दिया था। अमेरिका की उप विदेश मंत्री वेंडी शर्मन ने सोमवार को यहां करीब 40 दूतावासों के अधिकारियों को इस बारे में जानकारी दी।

‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ ने मंगलवार को कहा कि गुब्बारे से निगरानी के प्रयास के तहत ‘जापान, भारत, वियतनाम, ताइवान और फिलीपीन समेत कई देशों और चीन के लिए उभरते रणनीतिक हित वाले क्षेत्रों में सैन्य संपत्तियों संबंधी जानकारी एकत्र की गई है।’ यह रिपोर्ट कई अनाम रक्षा एवं खुफिया अधिकारियों से ‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ के साक्षात्कार पर आधारित है। रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने कहा है कि चीन की PLA (पीपुल्स लिबरेशन आर्मी) वायु सेना द्वारा संचालित इन निगरानी यान को पांच महाद्वीपों में देखा गया है।

एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी के हवाले से कहा गया है, ‘ये गुब्बारे पीआरसी (चीनी जनवादी गणराज्य) के गुब्बारों के बेड़े का हिस्सा हैं, जिन्हें निगरानी अभियान चलाने के लिए विकसित किया गया है और इन्होंने अन्य देशों की संप्रभुता का उल्लंघन किया है।’ दैनिक समाचार पत्र के अनुसार, हाल के वर्षों में हवाई, फ्लोरिडा, टेक्सास और गुआम में कम से कम चार गुब्बारे देखे गए और इसके अलावा पिछले सप्ताह एक गुब्बारा देखा गया।

इन चार में से तीन घटनाएं पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के दौरान हुईं, लेकिन चीनी निगरानी यान के रूप में इनकी पहचान हाल में हुई। पेंटागन ने मंगलवार को गुब्बारे की तस्वीरें जारी कीं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें