त्योहारों में चीनी मिलों को अतिरिक्त बिक्री की अनुमति
त्योहारी मौसम में घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने मिलों को अक्टूबर में उत्पादित चीनी अक्टूबर या नवंबर में बेचने की अनुमति दी है। यह मात्रा नियमित मासिक बिक्री कोटे से अतिरिक्त होगी। उद्योग प्रतिनिधियों के अनुसार, इससे आपूर्ति बेहतर होगी और थोक तथा खुदरा कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्र सरकार ने त्योहारों के दौरान चीनी की आपूर्ति बढ़ाने के लिए मिलों को अक्तूबर में उत्पादित चीनी को अक्तूबर या नवंबर में बेचने की अनुमति दी है। यह मात्रा दोनों महीनों के लिए तय नियमित मासिक बिक्री कोटे के अतिरिक्त होगी। खाद्य मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी निर्देश में कहा कि अगर कोई मिल अक्तूबर में 1,000 टन चीनी का उत्पादन करती है, तो वह इस मात्रा को नवंबर तक बेच सकती है। घरेलू बाजार में बिक्री के लिए खाद्य मंत्रालय हर पखवाड़े चीनी का कोटा तय करता है। अक्तूबर के पहले पखवाड़े के लिए 13 लाख टन और दूसरे पखवाड़े के लिए 14 लाख टन चीनी का कोटा आवंटित किया गया है।अखिल
भारतीय चीनी व्यापार संघ (एआईएसटीए) के अध्यक्ष प्रफुल्ल विठलानी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे त्योहारी मौसम में घरेलू बाजार में चीनी की आपूर्ति बढ़ेगी। कई चीनी मिलों में गन्ने की पेराई इस सप्ताह शुरू हुई है, जो निर्धारित समय से करीब एक महीने पहले है। बाजार में अधिक आपूर्ति से देशभर में चीनी की उपलब्धता बेहतर होगी और थोक एवं खुदरा कीमतों को नियंत्रण में रखने में मदद मिलेगी।


