दुनिया का कार विनिर्माण केंद्र बनेंगे: गोयल
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत वैश्विक बाजार में भागीदारी बढ़ाते हुए भविष्य में बड़ा कार विनिर्माण केंद्र बन सकता है। मुक्त व्यापार समझौतों से कारोबारियों और युवाओं के लिए अवसर बनेंगे। उन्होंने निर्यात, इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण, सेमीकंडक्टर निवेश और पर्यटन में रोजगार की संभावनाओं पर जोर दिया। वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए उत्पादों की गुणवत्ता और विश्वस्तरीय मानकों का पालन जरूरी बताया।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत को दुनिया की बेहतरीन तकनीकों को अपनाने के साथ उन क्षेत्रों की पहचान करनी होगी, जहां रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत भविष्य में दुनिया का बड़ा कार विनिर्माण केंद्र बनेगा। अंतरराष्ट्रीय ऑटोमोबाइल निर्माता तेजी से भारत में निर्माण करेंगे। केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को ‘दिल्ली डायलॉग: भविष्य के लिए तैयार भारत की नीतियां’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत वैश्विक बाजार का हिस्सा बनना चाहता है। इसके लिए कारोबारियों, नए उद्यम शुरू करने वालों और युवाओं को नए विचारों के साथ आगे बढ़ने के अवसर देने होंगे। भारत विभिन्न देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों के जरिये वैश्विक बाजारों में अपनी भागीदारी बढ़ा रहा है। इन समझौतों से भारतीय कारोबारियों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे। विकसित देशों के साथ साझेदारी से दोनों पक्षों को फायदा मिल सकता है। भारत कपड़ा, जूते, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में अपनी ताकत का लाभ उठा सकता है। भारत दुनिया के लिए अपने दरवाजे बंद नहीं कर रहा, बल्कि उन्हें और व्यापक रूप से खोल रहा है।
निर्यात और आर्थिक विकास के लक्ष्य
उन्होंने भारत के निर्यात और आर्थिक विकास के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय करने की जरूरत बताई। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन क्षेत्रों पर ध्यान देना होगा, जो देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ा सकते हैं। भारत की 140 करोड़ की आबादी के कारण वस्तुओं और सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। आयात में बढ़ोतरी भी घरेलू उद्योग और विदेशी निवेशकों के लिए अवसर पैदा करती है। इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उपकरणों की बढ़ती मांग से देश में विनिर्माण को बढ़ावा मिल सकता है। इससे सेमीकंडक्टर कारखानों में निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे। इसके साथ ही, उन्होंने पर्यटन में रोजगार की बड़ी संभावनाएं से लेकर उन तमाम क्षेत्रों का उल्लेख किया, जिसमें निकट भविष्य में रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ने की संभावना है।
कार विनिर्माण को मिलेगा बढ़ावा
महंगी कारों के आयात की सीमित छूट, भारत में विनिर्माण को मिलेगा बढ़ावा
गोयल ने कहा कि भारत दुनिया का प्रमुख कार विनिर्माण केंद्र बन सकता है। जैसे-जैसे भारतीय बाजार में मांग बढ़ेगी और विनिर्माण बड़े पैमाने पर करना होगा। ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौतों के तहत कारों के आयात के लिए दी गई छूट का जिक्र करते हुए कहा कि यह मुख्य रूप से महंगी कारों के लिए हैं। कम कीमत वाली कारों के बाजार को इस तरह नहीं खोला गया है।
वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए गुणवत्ता जरूरी
वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए गुणवत्ता जरूरी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारत की प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार करना जरूरी है। इसके लिए सरकार, उद्योग जगत और संस्थानों को मिलकर काम करना होगा। भारतीय मानक ब्यूरो और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण जैसे संस्थानों की भी इसमें अहम भूमिका है। यदि भारत विश्वस्तरीय गुणवत्ता मानकों को अपनाता है और उनका पालन करता है, तो उसे वैश्विक बाजार में आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।

