नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार का केंद्र बन रहा यूपी: एके शर्मा
-भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो-2026 के लखनऊ रोड शो का ऊर्जा

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाला समय स्वच्छ, हरित एवं टिकाऊ ऊर्जा का है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भी इस दिशा में निवेश, नवाचार और नई तकनीक को बढ़ावा देते हुए देश की ऊर्जा यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं।
नवीकरणीय ऊर्जा की संभावनाएं
उन्होंने यह बातें गुरुवार को राजधानी लखनऊ के एक होटल में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो-2026 के इन्वेस्ट, इनोवेट, इंस्पायर कार्यक्रम के लखनऊ एडिशन शो के शुभारंभ के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सौर ऊर्जा, ग्रीन एनर्जी, बायो एनर्जी और अन्य स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई तकनीकों के प्रयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य ऐसी ऊर्जा व्यवस्था विकसित करना है, जो बढ़ती हुई ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास को भी गति दे।
कार्यक्रम में सहभागिता
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार सरकार के अधिकारियों के साथ ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और अन्य ने सहभागिता की। इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं, तकनीकी नवाचार, भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं तथा स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई। इस कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आशीष गोयल, निदेशक यूपी नेडा रविंद्र कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


