अररिया: स्वतंत्रता दिवस को लेकर बाजारों में रही चहल-पहल, बच्चों में उत्साह
अररिया जिले में स्वतंत्रता दिवस की तैयारी जोरों पर है। सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों ने कार्यक्रमों की तैयारी पूरी कर ली है। बच्चों में उत्साह बढ़ा है, और बाजारों में तिरंगे की खरीददारी हो रही है। 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत राजनीतिक दलों द्वारा लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।

अररिया, निज प्रतिनिधि जिलेभर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारी जोरों पर रही। सरकारी कार्यालयों से लेकर शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है। स्वतंत्रता दिवस को लेकर एक तरफ जहां सरकारी कार्यालयों की रंगाई-पुताई और झंडोत्तोलन वाले स्थलों की साफ-सफाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, वहीं स्वतंत्रता दिवस पर बेहतर परफॉर्मेंस देने के लिये विभिन्न शिक्षण संस्थानों में तैयारी जोरों पर है। स्वतंत्रता दिवस पर प्रस्तावित अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेने के लिये स्कूली बच्चे खूब पसीना बहा रहे हैं, ताकि विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सके। स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासकर स्कूली बच्चों में गजब का उत्साह दिख रहा है।
वहीं सरकारी कार्यालयों में भी अधिकारी तैयारी में कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। अलग-अलग कार्यालयों की ओर से आमंत्रण पत्र भी भेजा जा रहा है। राजनीतिक पार्टी का कार्यालय हो या फिर निजी संस्थान हर जगह गुरूवार को स्वतंत्रता दिवस की तैयारी हो रही थी। इस बीच स्वतंत्रता दिवस को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गयी है। शहर से लेकर ग्रामीण हाट बाजारों में रौनक बढ़ गयी है। स्कूली बच्चों ने खरीददारी भी शुरू कर दी है। तिरंगा सहित अन्य सामग्रियों से बाजार पटा नजर आ रहा है। लोग अपने-अपने जरूरत के हिसाब से तिरंगा की खरीददारी भी की। विगत वर्षों की तरह इस बार भी तिरंगा की बिक्री जोरों पर रही। तिरंगा समेत इससे जुड़ी सामग्री बेचने वाले राजेश कुमार, पवन कुमार आदि बताते हैं कि पिछले साल की तरह इस बार भी तिरंगा की डिमांड बढ़ गयी है। साइज के हिसाब से तिरंगा की कीमत ली जा रही है। वहीं दूसरी ओर, हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कुछ राजनीतिक दल की ओर से लोगों को प्रेरित भी किया जा रहा है, ताकि हर लोग अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाकर राष्ट्रीय एकता का परिचय दे सके।


