सेंट मारिया गोरेटी कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस
बरेली के सेंट मारिया गोरेटी इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कर्नल विमल ने ध्वजारोहण किया, इसके बाद छात्राओं ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने बच्चों को देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सभी शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे।

बरेली, वरिष्ठ संवाददाता। सेंट मारिया गोरेटी इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल विमल जी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद छात्राओं ने राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, कविता पाठ और स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर भाषण प्रस्तुत किए। स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगनाओं के जीवन पर आधारित प्रस्तुति को भी सराहना मिली। मुख्य अतिथि ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। देश में शांति के लिए विभिन्न धर्मों की प्रार्थना भी कराई गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधिका सिस्टर रीनी जेम्स और प्रधानाचार्या सिस्टर रोजी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और छात्राओं को जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की सभी सिस्टर्स, शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी मौजूद रहे।


