प्रयागराज एयरपोर्ट पर धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस
प्रयागराज एयरपोर्ट पर 80वें स्वतंत्रता दिवस का समारोह धूमधाम से मनाया गया। विमानपत्तन निदेशक गणेश यादव ने ध्वजारोहण किया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। सुरक्षा बल के जवानों ने सलामी दी और रंग-बिरंगी रोशनी से एयरपोर्ट को सजाया गया, जिससे उत्सव का माहौल बना रहा।
प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रयागराज एयरपोर्ट पर धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। विमानपत्तन निदेशक गणेश यादव ने सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल के जवानों ने उन्हें सलामी दी। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष सुरक्षा बल के जवानों ने विमानपत्तन निदेशक को एस्कॉर्ट किया। इस दौरान रेड कारपेट भी बिछाया गया। विमानपत्तन निदेशक ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रयागराज एयरपोर्ट के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में एयरपोर्ट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एयरपोर्ट के आगमन और प्रस्थान क्षेत्र में फूलों की रंगोली बनाई गई। इससे यात्रियों के बीच भी उत्सव का माहौल रहा। रात में एयरपोर्ट परिसर को विद्युत सजावट से रोशन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा एयरपोर्ट आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे दिन एयरपोर्ट पर स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा।


