स्वतंत्रता दिवस स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन
-स्वतंत्रता दिवस पर सांसद कार्यालय में ध्वजारोहण पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पूर्णिया स्थित सांसद कार्यालय अर्जु

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पूर्णिया स्थित सांसद कार्यालय अर्जुन भवन में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर इस्राइल आजाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम में पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सहित कार्यालय के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। राष्ट्रध्वज फहराए जाने के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पप्पू यादव ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने देश की एकता और संविधान की रक्षा के लिए सभी को मिलकर काम करने का आह्वान किया। सांसद ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, न्याय और विकास का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की समस्याओं को उठाना और उनके अधिकारों की आवाज बनना उनकी प्राथमिकता है। पूर्णिया और सीमांचल के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, रेल और हवाई सेवा जैसे क्षेत्रों में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ध्वजारोहण कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।


