जलस्तर में बढ़ाव जारी, दस बाढ़ चौकियां सक्रिय
सगड़ी तहसील क्षेत्र के उत्तरी छोर से होकर बहने वाली घाघरा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। 24 घंटे में डिघिया गेज पर नौ सेमी और बदरहुआ गेज पर

लाटघाट, हिंदुस्तान संवाद। सगड़ी तहसील क्षेत्र के उत्तरी छोर से बहने वाली घाघरा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे चार गांवों के संपर्क मार्ग पानी में डूब गए, जबकि दर्जन भर गांव घिर गए हैं। नदी का पानी अब तटवर्ती क्षेत्रों के गांवों में घुसने लगा है। ग्रामीणों को आवागमन के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। जलभराव के कारण पशुओं के चारे का संकट भी गहराने लगा है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बनाई गई 10 बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। बाढ़ का पानी बढ़ने से देवारांचल के ग्रामीणों की मुसीबत दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। ऐसे में सामानों की खरीदारी, बीमार के इलाज और छात्रों को स्कूल जाने के लिए तीन किमी पैदल चलना पड़ रहा है। सोनौरा गांव की गिरिजा देवी और सरिता ने बताया कि रोजमर्रा के जरूरतों का सामान खरीदने के लिए पानी के रास्ते से होकर पैदल चलने के बाद नाव से आवागमन करना पड़ रहा है। घर में बच्चे या बुजुर्ग के बीमार पड़ने पर करीब तीन किमी पैदल चलकर नाव तक पहुंचना पड़ता है। इसके बाद नाव से नदी पार कर बाजार जाना पड़ता है। बच्चों को भी नाव से ही स्कूल जाना पड़ रहा है.
जलभराव के कारण नावों का संचालन
जलभराव के चलते जिला प्रशासन ने पांच स्थानों पर नावों का संचालन शुरू कराया है। इनमें मानिकपुर-अभनपट्टी मार्ग, सोनौरा-जमुवारी मार्ग, देवारा-इस्माइलपुर मार्ग, उर्दिहा संपर्क मार्ग एवं महाराजगंज ब्लॉक के देवारा जदीद संपर्क मार्ग पर सरकारी नावें चल रही हैं। जबकि अन्य गांवों में अभी नावों का संचालन शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि नावों की संख्या काफी कम होने से घंटों तक नाव के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है.
प्रशासन ने आठ सौ पीड़ितों में बंटवाई राहत किट
बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरित कराने का कार्य प्रशासन ने शुरू करा दिया है। नायब तहसीलदार आदर्श सिंह ने बताया कि शनिवार को वर्मा श्याम दुलारी डिग्री कॉलेज, नई बस्ती रौनापार, देवारा खास राजा और अजगरा मगर्वी गांव के करीब 800 बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत किट वितरित की गई।
जलस्तर की वृद्धि
24 घंटे में डिघिया गेज पर नौ, बदरहुआ पर 10 सेमी बढ़ा जलस्तर
घाघरा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। बीते 24 घंटे में डिघिया गेज पर नौ सेमी और बदरहुआ गेज पर जलस्तर में 10 सेमी वृद्धि दर्ज की गई। वहीं बदरहुआ पर खतरा बिंदु से 13 सेमी और डिघिया गेज पर 74 सेमी उपर नदी का पानी बह रहा है.
डिघिया गेज पर शनिवार की शाम चार बजे नदी का जलस्तर 71.05 मीटर पर था। रविवार की शाम चार बजे नौ सेमी जलस्तर बढ़ने से 71.14 मीटर पर पहुंच गया। खतरा बिंदु 70.40 मीटर से 74 सेमी ऊपर जलस्तर पहुंच गया है। इस गेज का न्यूनतम जलस्तर 68.90 मीटर और अधिकतम जलस्तर 72.59 मीटर है। इसी क्रम में बदरहुआ गेज पर शनिवार शाम चार बजे जलस्तर 71.71 मीटर था, जो रविवार शाम चार बजे 10 सेमी बढ़ने से 71.81 मीटर पहुंच गया। खतरा बिंदु 71.68 मीटर 13 सेमी उपर नदी बह रही है। इस गेज पर न्यूनतम जलस्तर 70.25 मीटर और अधिकतम जलस्तर 73.52 मीटर है.


