बोलबम के जयघोष से गूंजा दिलदारनगर स्टेशन
दिलदारनगर में सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों की संख्या बढ़ रही है। श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगा का जल लेकर पैदल बाबा धाम पहुँच रहे हैं। स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई, और श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की सलाह दी गई। यात्रियों का उत्साह और आस्था देखते ही बनती है।

दिलदारनगर। सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले कांवरियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दिलदारनगर रेलवे स्टेशन इन दिनों 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से शिवमय बना हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न ट्रेनों से सुल्तानगंज के लिए रवाना हो रहे हैं, जहां से उत्तरवाहिनी गंगा का जल लेकर पैदल बाबा धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा से पहले श्रद्धालु स्टेशन परिसर स्थित सायर माता मंदिर में दर्शन-पूजन भी कर रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए आरपीएफ प्रभारी संजीव कुमार और जीआरपी प्रभारी अश्वनी कुमार पटेल ने जवानों के साथ स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा यात्रियों से सावधानीपूर्वक ट्रेन में चढ़ने और अनजान लोगों का दिया भोजन न खाने की अपील की।
ट्रेनों के जनरल, स्लीपर और एसी कोच श्रद्धालुओं से खचाखच भरे नजर आ रहे हैं। महिलाओं और बुजुर्गों सहित शिवभक्तों का उत्साह और आस्था पूरे सफर में देखने को मिल रही है।


