स्वास्थ्य: मौसम की मार, वायरल के साथ बढ़े हड्डी के रोगी
बागपत में बदलते मौसम के कारण वायरल, हड्डी और त्वचा रोगियों में वृद्धि हुई है। विशेषकर अस्पतालों में बुखार, खांसी और त्वचा रोगों के मरीज सबसे ज्यादा आ रहे हैं। डॉक्टर्स का मानना है कि तापमान में उतार-चढाव और गलत खानपान इसके कारण हैं। ठंडा पानी पीने से बचने की सलाह भी दी जा रही है।
बागपत। बदलते मौसम में वायरल के साथ अचानक हड्डी और त्वचा रोगी बढ़ गए हैं। साथ में सांस के रोगियों की मुश्किलें भी ज्यादा हो गई हैं। सरकारी अस्पतालों में सबसे ज्यादा इन्हीं दिक्कतों के मरीज आ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में सबसे ज्यादा बुखार, हड्डी, त्वचा, सांस के रोगी पहुंचे रहे है। वहीं, वायरल में अब हाईग्रेड बुखार आ रहा है। यह 102 से लेकर 104 तक है। इसके साथ दूसरी दिक्कतें जैसे खांसी, जुकाम, गले में खराश भी चल रही है। तापमान के उतार-चढ़ाव, गलत खानपान ऐसी दिक्कतें दे रहा है। दूसरे नंबर पर हड्डी रोगों के मरीज हैं। जोड़ों में दर्द, मांसपेशियों का दुखना, जोड़ों के आसपास सूजन की परेशानी बढ़ी है। डाक्टर इसे तापमान के उतार-चढ़ाव से जोड़ रहे हैं। उमस के सीजन में त्वचा के रोगी बरकरार हैं। इनमें कोई कमी नहीं आई है। त्वचा पर काले-लाल रंग के दाने, दाद-खाज के साथ फफोले भी पड़ रहे हैं। पसीने से बैक्टीरिया पनपने के बाद होने वाली एलर्जी के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं.
सलाह अधिक ठंडा पीने से बचें
जिला अस्पताल के फिजिशियन डा. श्रवण कुमार का कहना है कि इस मौसम में उमस अधिक है। पसीने के जरिए शरीर से पानी निकल रहा है। पानी की कमी हो रही है। बार-बार प्यास लग रही है, इसलिए लोग अधिक ठंडा पानी, पेय पदार्थ ले रहे हैं। यह खतरनाक है। इससे गला खराब हो रहा है। बुखार भी आ रहा है। इसलिए, ज्यादा ठंडे पेय पदार्थ, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक से बचें। सादा पानी ही पिएं।

