दो महीने में सदर अस्पताल पहुंचे सर्पदंश के 76 मरीज, 66 स्वस्थ होकर लौटे
सीवान, सदर अस्पताल में पिछले दो महीने में सांप काटने के 76 मामले आए। इनमें से 66 मरीज ठीक होकर घर लौट गए, जबकि 10 मरीजों की मौत हो गई। चिकित्सकों का कहना है कि सांप काटने पर तुरंत अस्पताल पहुंचाना जरूरी है ताकि इलाज समय पर मिले।

सीवान, निज प्रतिनिधि। बरसात व बाढ़ के दिनों में सर्पदंश के मामले बढ़ जाते हैं। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पिछले दो महीने में सांप काटने के 76 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें 66 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट गए, जबकि 10 मरीजों की मौत हो गई। अस्पताल से मिले आंकड़ों के अनुसार अगस्त में सर्पदंश के 52 और सितंबर में 24 मामले सामने आए। बताया गया कि बरसात व बाढ़ के दौरान खेत, झाड़ियों और जलजमाव वाले इलाकों में सांपों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। इसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाएं भी अधिक सामने आती हैं। कई बार सांप के काटने के बाद लोग अस्पताल पहुंचने के बजाय झाड़-फूंक या घरेलू उपचार का सहारा लेते हैं। इससे मरीज की हालत बिगड़ने का खतरा रहता है और इलाज में देरी जानलेवा साबित हो सकती है। चिकित्सकों के अनुसार सांप काटने की स्थिति में मरीज को बिना समय गंवाए नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से गंभीर स्थिति में भी मरीज की जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है।
अस्पताल में उपचार
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सर्पदंश के मरीजों के उपचार की व्यवस्था है। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की ओर से मरीज की स्थिति का आकलन कर तत्काल आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी लोगों को सर्पदंश के बाद किसी तरह के घरेलू उपचार या झाड़-फूंक में समय नहीं गंवाने की सलाह दी जाती है।
अस्पताल अधीक्षक की राय
सदर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दो महीने में सर्पदंश के 76 मामले सामने आए हैं। इनमें 66 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 10 मरीजों की मौत हो गई। कहा कि सर्पदंश की स्थिति में मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। समय पर इलाज मिलने से गंभीर स्थिति से बचाया जा सकता है।

