श्रावणी मेले में 31 लाख श्रद्धालुओं ने लिया रेल का सहारा
जसीडीह। श्रावणी मेला 2026 में 30 लाख 99 हजार 846 श्रद्धालुओं ने रेल यात्रा की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.54% वृद्धि दर्शाता है। जसीडीह स्टेशन ने सबसे अधिक यात्री और आय दर्ज की। रेलवे की आय 12.81 करोड़ से बढ़कर 14.24 करोड़ पहुंच गई।

जसीडीह। श्रावणी मेला 2026 में बाबा वैद्यनाथ और बासुकीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ ने रेलवे के यात्री आंकड़ों को नई ऊंचाई दी है। मेला अवधि में जसीडीह, देवघर, वैद्यनाथधाम और बासुकीनाथ धाम स्टेशनों के टिकट काउंटरों से 30 लाख 99 हजार 846 यात्रियों ने रेल यात्रा की। वर्ष 2025 में यह संख्या 28 लाख 82 हजार 372 थी। इस तरह यात्रियों की संख्या में 7.54 फीसदी की वृद्धि हुई। वहीं चारों स्टेशनों से रेलवे की आय भी 12.81 करोड़ रुपए से बढ़कर 14.24 करोड़ रुपए पहुंच गई।
यात्री संख्या और आय
रेल सूत्रों ने बताया कि जसीडीह स्टेशन यात्रियों की संख्या और आय दोनों मामलों में सबसे आगे रहा। इस वर्ष यहां 19 लाख 24 हजार 68 यात्रियों ने सफर किया, जिससे रेलवे को 10.33 करोड़ रुपए की आय हुई। पिछले वर्ष 18 लाख 62 हजार 569 यात्रियों से 9.72 करोड़ रुपए की आय हुई थी। देवघर स्टेशन पर इस वर्ष 5 लाख 40 हजार 376 यात्रियों ने यात्रा की और रेलवे को 2 करोड़ 24 लाख रुपए की आय हुई। वहीं बासुकीनाथ धाम स्टेशन से 4 लाख 52 हजार 518 यात्रियों ने सफर किया, जिससे 1 करोड़ 26 लाख रुपए की आय हुई। बैद्यनाथधाम स्टेशन से इस वर्ष 1 लाख 82 हजार 884 यात्रियों ने रेल यात्रा की। इससे रेलवे को 40 लाख 28 हजार रुपए की आय प्राप्त हुई। आंकड़ों से स्पष्ट है कि श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ी आवाजाही का सीधा असर रेलवे के यात्री राजस्व पर भी पड़ा है।


