तापमान में गिरावट से प्रदूषण का स्तर बढ़ा
ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा। सुबह-शाम बढ़ती ठंडक के साथ नोएडा-ग्रेटर नोएडा की हवा भी प्रदूषित

ग्रेटर नोएडा, प्रमुख संवाददाता। सुबह-शाम बढ़ती ठंडक के साथ नोएडा-ग्रेटर नोएडा की हवा भी प्रदूषित होने लगी है। शुक्रवार को नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 202 और ग्रेटर नोएडा का 130 दर्ज किया गया। गुरुवार के मुकाबले नोएडा के एक्यूआई में आठ और ग्रेटर नोएडा के 14 अंकों की बढ़ोतरी हुई। मौसम में लगातार बदलाव जारी है। दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। इसी के साथ हवा की रफ्तार भी कम होने लगी है।
शुक्रवार को हवा करीब छह किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली। हवा धीमी होने पर प्रदूषक कण वातावरण में अधिक समय तक टिक सकते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है। गुरुवार को नोएडा का एक्यूआई 194 था, जो शुक्रवार को बढ़कर 202 हो गया। इसी तरह ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 116 से बढ़कर 130 पहुंच गया। दोनों शहरों में एक दिन में प्रदूषण बढ़ने से हवा की गुणवत्ता में सुधार के बजाय गिरावट का रुख दिखा है। आने वाले दिनों में तापमान और हवा की गति में होने वाला बदलाव प्रदूषण के स्तर को प्रभावित करेगा।


