ऑटो फर्म के ठिकानों पर आयकर का टीडीएस सर्वे
साकेत नगर, जीटी रोड, सिविल लाइंस और मैकरार्बटगंज में कार्रवाई बड़े स्तर पर खामियां

कानपुर, प्रमुख संवाददाता ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़ी एक फर्म के चार ठिकानों पर सोमवार को आयकर विभाग के टीडीएस विंग ने सर्वे की कार्रवाई की। साकेत नगर, जीटी रोड, सिविल लाइंस और मैकरार्बटगंज स्थित प्रतिष्ठानों पर बड़े स्तर पर खामियां मिली हैं। विभागीय टीमें देररात तक दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगालती रही। कार्रवाई में आयकर विभाग के दो दर्जन से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
जांच का उद्देश्य
सूत्रों के अनुसार, टीडीएस सर्वे का मुख्य फोकस कर्मचारियों के वेतन, ठेकेदारों और विभिन्न सेवा प्रदाताओं को किए गए भुगतान पर नियमानुसार कर कटौती की जांच रहा। टीमों ने फर्म की लेखा पुस्तिकाएं, भुगतान रजिस्टर, बिल-वाउचर, बैंक खातों से संबंधित रिकॉर्ड, टीडीएस रिटर्न और चालान सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि अलग-अलग मदों में किए गए भुगतान पर निर्धारित दर से टीडीएस काटकर समय से सरकार के खाते में जमा किया गया या नहीं।
सर्वे की प्रक्रिया
अधिकारियों ने संबंधित भुगतान व टीडीएस से जुड़े रिकॉर्ड के बारे में जानकारी भी ली। सर्वे के दौरान कंप्यूटर में सुरक्षित लेखा संबंधी डिजिटल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, सर्वे के दौरान टीडीएस में किसी तरह की कमी, गलत कटौती, देरी से जमा करने या रिटर्न में विसंगति मिलती है तो नियमानुसार कर, ब्याज और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। देर रात तक कार्रवाई जारी रही और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।


