पटना हाईकोर्ट न्यायमूर्ति ने गोगरी में कर्मचारी आवासीय भवन निर्माण का किया शिलान्यास
गोगरी में व्यवहार न्यायालय के कर्मचारियों के आवासीय भवन का निर्माण न्यायमूर्ति आलोक कुमार द्वारा शनिवार को पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ। इस भवन की लागत 13 करोड़ 85 लाख 72 हजार रुपये होगी। न्यायमूर्ति आलोक कुमार ने विधिज्ञ संघ के अधिकारियों से अधिवक्ताओं की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली।

गोगरी । एक संवाददाता गोगरी अनुमंडल परिसर स्थित व्यवहार न्यायालय में कर्मचारियों के आवासीय भवन निर्माण का शुभारंभ पटना हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति आलोक कुमार ने शनिवार को विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। इस अवसर पर निर्माण से जुड़े शिलापट्ट का अनावरण हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति आलोक कुमार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश राजेश कुमार बच्चन ने नारियल फोड़ कर किया। बताया गया कि इस भवन का निर्माण 13 करोड़ 85 लाख 72 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम से पहले, न्यायमूर्ति आलोक कुमार का व्यवहार न्यायालय परिसर पहुंचते ही गोग़री व्यवहार न्यायालय के सब- जज गौतम कुमार, गोगरी एसडीओ संजय कुमार, एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर सहित कई न्यायिक अधिकारी और पदाधिकारियों ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया।
इस दौरान व्यवहार न्यायलय के कई पदाधिकारी, न्यायालय कर्मी के अलावे गोगरी विधिज्ञ संघ के महासचिव प्रियवर्त सिंह, अध्यक्ष शिवशंकर चौधरी, अधिवक्ता नलिनेश सिन्हा, ऋषि कुमार पंकज, सुबोध साह, एवं दर्जनों अधिवक्ता उपस्थित थे। शिलान्यास के बाद, न्यायामूर्ति ने व्यवहार न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर पौधरोपण किए। न्यायलय परिसर के विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से न्यायालय परिसर में उपलब्ध सुविधाओं और निर्माण कार्य से जुड़ी जानकारी भी ली। अब इस नए भवन से न्यायालय में कार्यरत कर्मचारियों को बेहतर कार्यस्थल और आवश्यक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। न्यायमूर्ति ने अधिवक्ताओं की सुनी समस्या : गोगरी व्यवहार न्यायलय परिसर स्थित न्यायालय के कर्मचारियों के आवासीय भवन निर्माण का शुभारंभ करने पहुंचे पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति आलोक कुमार ने शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधिज्ञ संघ कार्यालय गोगरी पहुंचकर संघ के पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं की समस्याओ से उन्हें अवगत कराया। इस मौके पर विधिज्ञ संघ के सभी पदाधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित थे।


