किशनगंज: डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय में दीक्षारंभ कार्यक्रम शुरू
पोठिया से गोपाल चौधरी की रिपोर्ट पोठिया निज संवाददाता बीते गुरुवार को डॉ.

पोठिया से गोपाल चौधरी की रिपोर्ट बीते गुरुवार को डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय, अर्राबाड़ी, किशनगंज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम-2026 का शुभारंभ गुरुवार को किया गया। यह कार्यक्रम 20 अगस्त से लगातार 2 सितंबर 2026*तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न अकादमिक इकाइयों, पाठ्यक्रमों, सुविधाओं एवं संस्थागत गतिविधियों से परिचित कराना है। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के सह अधिष्ठाता-सह-प्राचार्य डॉ. के. सत्यनारायण ने किया। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपनी शैक्षणिक यात्रा प्रारंभ करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का अधिकतम लाभ उठाने तथा कृषि क्षेत्र में दक्ष एवं जिम्मेदार पेशेवर बनने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। इस वर्ष महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थी बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों से भी आए हैं। इससे महाविद्यालय की बढ़ती शैक्षणिक प्रतिष्ठा एवं व्यापक पहुंच का परिचय मिलता है। शैक्षणिक प्रभारी डॉ. महेश कुमार ने विद्यार्थियों को "शैक्षणिक इकाइयों एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों से परिचय” विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक संरचना, विभिन्न विभागों, पाठ्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने नियमित उपस्थिति, अनुशासन एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डॉ. कुमारी रश्मि, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. आरती शर्मा, डॉ. सागरिका भौमिक, डॉ. आराधना सुमन सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिक्षकों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। दीक्षारंभ कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत 2 सितंबर तक विभिन्न शैक्षणिक, अभिमुखीकरण एवं विद्यार्थी विकास संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सामाजिक परिवेश से सहज रूप से जुड़ने में सहायता मिलेगी।

