15 जुलाई से शुरू होगी राजकीय डिग्री कॉलेज रूपौली की पढ़ाई, तैयारियों का एसडीएम ने लिया जायजा
रूपौली, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि

रूपौली, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माने जा रहे नवसृजित राजकीय डिग्री कॉलेज रूपौली का विधिवत उद्घाटन 15 जुलाई को होगा। उद्घाटन के साथ ही स्नातक सत्र 2026-30 की पढ़ाई भी प्रारंभ कर दी जाएगी। कॉलेज के संचालन की व्यवस्था प्रखंड के बिरौली बाजार स्थित आदर्श मध्य विद्यालय बिरौली परिसर में की गई है।जानकारी के अनुसार महाविद्यालय संचालन के लिए विद्यालय के 10 कमरों को उपलब्ध कराया गया है। उद्घाटन समारोह का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर से राजकीय डिग्री कॉलेज रूपौली सहित अन्य नवस्थापित महाविद्यालयों का उद्घाटन करेंगे।
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को लेकर सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम ने आदर्श मध्य विद्यालय बिरौली पहुंचकर महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज संचालन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उद्घाटन एवं पठन-पाठन शुरू होने से पहले सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी कर ली जाएं ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मौके पर अंचलाधिकारी शिवानी सुरभि, राजस्व अधिकारी अमित कुमार अमन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


