रूपौली को मिली उच्च शिक्षा की नई पहचान, आज होगा राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन
रूपौली में उच्च शिक्षा के सपने को नई उड़ान मिल रही है। 15 जुलाई को नवसृजित राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। यह कॉलेज ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगा।

रूपौली, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए वर्षों से देखे जा रहे उच्च शिक्षा के सपने को बुधवार को नई उड़ान मिलने जा रही है। नवसृजित राजकीय डिग्री कॉलेज, रूपौली का उद्घाटन 15 जुलाई को बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। इसके साथ ही रूपौली प्रखंड में पहली बार स्थानीय स्तर पर स्नातक शिक्षा का विधिवत शुभारंभ होगा। बिरौली बाजार स्थित आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में संचालित होने जा रहे इस महाविद्यालय को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उद्घाटन समारोह में पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, रूपौली विधायक कलाधर प्रसाद मंडल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद एवं लोग मौजूद रहेंगे।
ग्रामीण छात्रों के लिए वरदान साबित होगा कॉलेज:
राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना को रूपौली प्रखंड के शैक्षणिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब तक उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को पूर्णिया, बनमनखी या अन्य शहरों के महाविद्यालयों पर निर्भर रहना पड़ता था। कॉलेज शुरू होने से विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी।
छह विषयों में शुरू होगी पढ़ाई:
महाविद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. अनवर हुसैन ने बताया कि फिलहाल कला संकाय के छह विषयों हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र एवं अर्थशास्त्र में अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था की गई है। स्नातक सत्र 2026-30 के लिए जारी तीन मेरिट सूची के आधार पर अब तक 158 विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है।
उद्घाटन से पहले पूरी हुई तैयारियां:
उद्घाटन समारोह को लेकर महाविद्यालय परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। परिसर की सजावट, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा एवं स्वागत कक्ष सहित सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए कक्षाओं का रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण कराया गया है। प्रत्येक कक्षा में पर्याप्त संख्या में बेंच-डेस्क, पंखे एवं एलईडी बल्ब लगाए गए हैं। स्वच्छता और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दो नए शौचालयों का निर्माण कराया गया है, जबकि शुद्ध पेयजल के लिए दो केंट वाटर कूलर लगाए गए हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था भी हुई सुदृढ़:
महाविद्यालय के सुचारु संचालन के लिए प्राचार्य कक्ष, शिक्षक कक्ष एवं मुख्य कार्यालय को पूरी तरह सुसज्जित किया गया है। कार्यालयों में आवश्यक फर्नीचर, कंप्यूटर, अलमारी, टेबल-कुर्सी, अभिलेख एवं अन्य सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। फिलहाल महाविद्यालय में प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. अनवर हुसैन, हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक सह बर्सर डॉ. हरेन्द्र कुमार तथा कार्यालय परिचारी चंदन कुमार रजक की प्रतिनियुक्ति की गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना से न केवल रूपौली बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे, बल्कि क्षेत्र के शैक्षणिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।


