उच्च शिक्षा के सपनों को मिली नहीं उड़ान, जिले में 8 डिग्री कॉलेज का शुभारंभ
चनपटिया, नगर संवाददाता। जिले के आठ प्रखंडों के विद्यार्थियों के लिए वर्षों से देखे

चनपटिया, नगर संवाददाता। जिले के आठ प्रखंडों के विद्यार्थियों के लिए वर्षों से देखे जा रहे उच्च शिक्षा के सपनों को बुधवार को नई उड़ान मिल गई। कुमारबाग स्थित हाईस्कूल के प्रांगण में नवसृजित राजकीय डिग्री कॉलेज, चनपटिया का उद्घाटन सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इसके साथ ही चनपटिया प्रखंड में पहली बार स्नातक शिक्षा का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कुमारबाग स्थित हाईस्कूल के प्रांगण में उद्घाटन समारोह का भी आयोजन किया गया। पश्चिम चंपारण के डीएम तरणजोत सिंह, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, विधान पार्षद ई. सौरभ कुमार, विधायक अभिषेक रंजन, पूर्व विधायक उमाकांत सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार, डीपीओ केके पाठक, प्राचार्य डॉ.संजय कुमार सुमन आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित एवं फीता काटकर डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया।
डीएम तरणजोत सिंह ने कहा कि बुधवार को जिले के आठ प्रखंडों में डिग्री कॉलेज का शुभारम्भ हुआ। जिले में अब तक हजारों विद्यार्थियों ने नामांकन के लिए आवेदन किया है जिसमें लगभग 325 विद्यार्थियों का नामांकन सम्पन्न हुआ है। इस डिग्री कॉलेज की स्थापना प्रखंड के शैक्षणिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विधान पार्षद ई. सौरभ कुमार, विधायक अभिषेक रंजन एवं पूर्व विधायक उमाकांत सिंह ने चनपटिया में डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए सरकार के प्रति साधुवाद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि अब तक उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को 20 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। अब विद्यार्थियों को सहूलियत होगी। उद्घाटन समारोह को लेकर महाविद्यालय परिसर की विशेष सजावट की गयी थी। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए कक्षाओं का रंगरोगण और सौंदर्यीकरण कराया गया था। कक्षाओं में बेंच-डेस्क, पंखे, बल्ब से लेकर स्वच्छता का विशेष ख्याल रखा गया था। चनपटिया महाविद्यालय के प्राचार्य श्री सुमन ने बताया कि फिलहाल कला संकाय के 6 विषयों हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र एवं अर्थशास्त्र में अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था की गई है। स्नातक सत्र 2026-30 के लिए जारी मेरिट सूची के आधार पर अब तक 63 विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है। जिसमें हिंदी विषय में 33, इतिहास में 21 एवं राजनीति विज्ञान में 12 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है।


