आईएसटीई स्टूडेंट चैप्टर का शुभारंभ
दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज में आईएसटीई स्टूडेंट चैप्टर का उद्घाटन किया गया। प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने बताया कि यह मंच विद्यार्थियों में नवाचार और तकनीकी कौशल विकसित करने में सहायक होगा। प्रो. मिथिलेश कुमार झा ने एनबीए की मान्यता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में डीसीई के शिक्षक और छात्र उपस्थित थे।

दरभंगा। दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज (डीसीई) में इंडियन सोसाइटी फॉर टेक्निकल एजुकेशन (आईएसटीई) स्टूडेंट चैप्टर का विधिवत उद्घाटन बुधवार को किया गया। डीसीई के प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने आईएसटीई स्टूडेंट चैप्टर के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के तकनीकी मंच विद्यार्थियों में नवाचार, नेतृत्व क्षमता, तकनीकी ज्ञान तथा व्यावसायिक कौशल के विकास में सहायक होते हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मुजफ्फरपुर के प्राचार्य प्रो. मिथिलेश कुमार झा ने आईएसटीई स्टूडेंट चैप्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रेडिटेशन (एनबीए) से प्रमाणन के महत्व एवं इसके लाभों पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि एनबीए मान्यता से संस्थान में आउटकम बेस्ड एजुकेशन, शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, उद्योग से जुड़ाव तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम के आयोजन में डीसीई के आईएसटीई स्टूडेंट चैप्टर के फैकल्टी एडवाइजर सह मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्राध्यापक विशाल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने आईएसटीई स्टूडेंट चैप्टर के उद्देश्यों तथा भविष्य में आयोजित की जाने वाली शैक्षणिक, तकनीकी एवं छात्र-केंद्रित गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में डीसीई के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

