कटिहार: 15 जुलाई को मुख्यमंत्री करेंगे हसनगंज डिग्री कॉलेज का शुभारंभ, डीएम ने तैयारियों का लिया जायजा
हसनगंज, कटिहार से शशि रमन की रिपोर्ट प्रखंड मुख्यालय स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय

हसनगंज, कटिहार से शशि रमन की रिपोर्ट प्रखंड मुख्यालय स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में स्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का 15 जुलाई को मुख्यमंत्री के करकमलों द्वारा शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर रविवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने महाविद्यालय का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भवन, कक्षाओं, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद जिला पदाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा उन 211 प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन शुरू कराया जा रहा है, जहां अब तक उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
कटिहार जिले के सात प्रखंड भी इस महत्वाकांक्षी योजना में शामिल हैं, जिनमें हसनगंज भी एक है। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई से इन महाविद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ हो जाएंगी। डीएम ने कहा कि हसनगंज सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी हो रही है। महाविद्यालय खुलने से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए कटिहार या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे न केवल समय और आर्थिक खर्च की बचत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भवन, कक्षाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है। सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार मिश्रा, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय हसनगंज के प्रधानाध्यापक पवन कुमार भगत सहित प्रखंड के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


