नवल टाटा हॉकी अकादमी में गर्ल्स विंग शुरू, बालिका हॉकी को मिलेगा नया मंच
नवल टाटा हॉकी अकादमी में नए गर्ल्स विंग का उद्घाटन हुआ। यह पहल युवा महिला हॉकी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में मदद करेगी। उद्घाटन समारोह में ओलंपियन एमएम सोमैया और अन्य प्रमुख व्यक्तियों ने भाग लिया। नया इंफ्रास्ट्रक्चर 65 खिलाड़ियों को उच्च स्तर की सुविधाएं प्रदान करेगा।

नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) में बुधवार को नए गर्ल्स विंग का उद्घाटन किया गया। टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट की संयुक्त पहल हॉकी ऐस फाउंडेशन (एचएएफ) के तहत शुरू यह विंग युवा महिला हॉकी खिलाड़ियों को जमीनी स्तर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि रुचि नरेंद्रन और विशिष्ट अतिथि ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता एवं भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एमएम सोमैया मौजूद रहे। टाटा स्टील के कॉरपोरेट सर्विसेज उपाध्यक्ष एवं एचएएफ के चेयरमैन डीबी सुंदर रामम ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों और टाटा स्टील के अधिकारियों की भी मौजूदगी रही।
नया हाई परफॉर्मेंस इंफ्रास्ट्रक्चर पहले वर्ष 30 खिलाड़ियों और दूसरे वर्ष 35 खिलाड़ियों को सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसमें जिम, फिजियोथेरेपी एवं रिकवरी सुविधा, मसाज सेंटर, विशेष किचन-कैंटीन, वीडियो एनालिसिस रूम, ऑडियो-विजुअल क्लासरूम और खिलाड़ियों के लिए आवासीय व्यवस्था शामिल है। रुचि नरेंद्रन ने कहा कि झारखंड ने भारतीय हॉकी को कई प्रतिभाएं दी हैं और अब यहां की बेटियों को भी उच्च स्तर तक पहुंचने के लिए बेहतर अवसर मिलना चाहिए। एमएम सोमैया ने कहा कि एचएएफ ने ग्रासरूट से रीजनल डेवलपमेंट सेंटर और फिर एनटीएचए तक तीन स्तरीय व्यवस्था विकसित की है। डीबी सुंदर रामम ने कहा कि बेहतर खिलाड़ी तैयार करने के लिए प्रशिक्षण के साथ खेल विज्ञान, शिक्षा, पोषण और रिकवरी भी जरूरी है। नया गर्ल्स विंग इन सभी सुविधाओं को एक साथ उपलब्ध कराएगा।


