युवाओं के संवाद से आगे बढ़ेगी बिहार की परंपरा : रामकृपाल यादव
चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (सीएनएलयू) पटना में 17वें पार्लियामेंट्री डिबेट का उद्घाटन किया गया। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 100 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए हैं। मंत्री रामकृपाल यादव ने बिहार की संस्कृति और बहस की परंपरा की महत्वपूर्णता को बताया। साथ ही, युवा संवाद को लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए प्रेरित किया गया।

चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (सीएनएलयू) पटना में शुक्रवार को 17वें पार्लियामेंट्री डिबेट का उद्घाटन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता 13 सितंबर तक चलेगी। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए 100 से अधिक प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रामकृपाल यादव ने बिहार की संस्कृति और भारत की प्राचीन बहस एवं विमर्श की परंपरा के संबंध को रेखांकित किया। कहा कि युवाओं के संवाद से बिहार की परंपरा आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि बहस की वास्तविक भावना केवल अपने तर्क को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में नहीं, बल्कि दूसरे के विचारों को सुनने, समझने और उनका सम्मान करने में निहित है।
उन्होंने युवाओं से संवाद, विचार-विमर्श और सम्मानपूर्वक असहमति से लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने का आह्वान किया। मंत्री ने डिबेट के विषय के रूप में बिहार की पारंपरिक टिकुली कला को समकालीन शैक्षणिक मंच पर प्रस्तुत करने की पहल की सराहना की। कहा कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बौद्धिक विमर्श और लोकतांत्रिक भागीदारी के मंच से जोड़ना महत्वपूर्ण पहल है।सीएनएलयू के कुलपति प्रो. फैजान मुस्तफा ने बिहार की राजनीतिक और बौद्धिक परंपरा में बहस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि सीएनएलयू पार्लियामेंट्री डिबेट की राष्ट्रीय पहुंच और प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में एक विदेशी निर्णायक की भागीदारी से इसे अंतरराष्ट्रीय आयाम मिला है। सह-आयोजक समृद्धि प्रिया ने इसके इतिहास और विकास की जानकारी दी। कहा कि यह मंच प्रतिभागियों में तार्किक चिंतन, शोध, संप्रेषण क्षमता, श्रवण कौशल और विविध विचारों के साथ रचनात्मक संवाद की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संचालन ख्याति द्विवेदी और विशाल ने किया। उद्घाटन बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव व सीएनएलयू के कुलपति प्रो. फैजान मुस्तफा ने किया। मौके पर विवि के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य रहे।


