ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देश साल के आखिरी महीने में पुलिसवालों में छुट्टी लेने की मची होड़, बहाने ऐसे जानकर उड़ जाएंगे होश

साल के आखिरी महीने में पुलिसवालों में छुट्टी लेने की मची होड़, बहाने ऐसे जानकर उड़ जाएंगे होश

केस-एक शादी का फर्जी कार्ड लगाया सर मेरी बहन की शादी है। काफी काम है। 15 दिन की छुट्टी दे दीजिए। सिपाही ने अफसरों को प्रार्थना-पत्र दिया। अफसरों ने जांच कराई तो शादी का कार्ड फर्जी निकला। सिपाही को...

 साल के आखिरी महीने में पुलिसवालों में छुट्टी लेने की मची होड़, बहाने ऐसे जानकर उड़ जाएंगे होश
कानपुर | वरिष्ठ संवाददाताFri, 06 Dec 2019 03:51 PM
ऐप पर पढ़ें

केस-एक
शादी का फर्जी कार्ड लगाया
सर मेरी बहन की शादी है। काफी काम है। 15 दिन की छुट्टी दे दीजिए। सिपाही ने अफसरों को प्रार्थना-पत्र दिया। अफसरों ने जांच कराई तो शादी का कार्ड फर्जी निकला। सिपाही को सजा के रूप में उसकी ड्यूटी पुलिस लाइन में पहरे के लिए लगाई गई। 

केस-दो
पिता को बीमार बता दिया
सर मेरे पिताजी की तबीयत खराब है। उनको सात दिन तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ेगा। मुझे कम से कम दस दिन की छुट्टी दे दीजिए।  ये इलाज के सभी पर्चे हैं। पुलिस अफसरों ने जब डॉक्टर से पड़ताल की तो सिपाही के पिता का इलाज नहीं चल रहा था। 

छुट्टी के लिए ये दो मामले सिर्फ एक नजीर हैं। दिसंबर में साल के साथ पुलिस कर्मियों की छुट्टियां खत्म हो जाएंगी। इससे पहले छुट्टी लेने की होड़ मची है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस अफसर परेशान हैं। प्रतिदिन एसएसपी से लेकर एसपी कार्यालय में 25 से 30 पुलिस कर्मी छुट्टी लेने के लिए आ रहे हैं। ऐसे में पुलिस अफसरों को थाने का मैनेजमेंट करने में दिक्कत हो रही है।

15 तक छुट्टी पर रोक, लगवा रहे सिफारिश : छह दिसंबर और प्रधानमंत्री की विजिट को देखते हुए कानपुर पुलिस की छुट्टियों पर 15 दिसंबर तक रोक लगा दी गई है। ऐसे में शादी और अन्य पारिवारिक जरूरतों के लिए पुलिस कर्मी झूठ का सहारा ले रहे हैं। छुट्टी लेने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। कुछ पुलिस कर्मी तो पुलिस अफसरों के बैचमेट से सिफारिश लगवा रहे हैं।

एक साथ मांग रहे लंबी छुट्टी : पुलिस अफसरों के घर, कार्यालय और कैम्प कार्यालय तक पहुंच रहे पुलिस कर्मी लंबी-लंबी छुट्टी मांग रहे हैं। जिससे उनकी छुट्टी बचकर बेकार न हो जाएं। एक पुलिस कर्मी ने एक जिले में तैनात डीएम से फोन तक कराकर छुट्टी की सिफारिश लगवा दी। एक पुलिस कर्मी ने गांव का मकान बनवाने के लिए 20 दिन की छुट्टी का आवेदन कर दिया। ऐसे में पुलिस अफसर सिर्फ आकस्मिक छुट्टी ही दे रहे हैं।

एसएसपी अनंत देव ने कहा कि कानपुर में फोर्स की कमी है। उस पर से लगातार वीआईपी मूवमेंट चल रहा है। साल का आखिरी समय है। हर पुलिस कर्मी अपनी छुट्टी के चक्कर में लगा हुआ है। सिर्फ जरूरत को देखकर ही छुट्टी दी जा रही है। कुछ पुलिस कर्मियों ने गलत कारण बताकर छुट्टी मांगी थी। उनको मना कर दिया गया।


वीकली ऑफ व्यवस्था धड़ाम
पुलिस कर्मियों को वीकली ऑफ देने की व्यवस्था शुरू की गई थी। कुछ महीने बाद ही यह ठप हो गई। बीते तीन महीने से पुलिस कर्मियों को वीकली ऑफ नहीं मिल रहा है। अलग-अलग कारणों के चलते वीकली ऑफ व्यवस्था लागू नहीं की जा सकी है। नोडल अफसर एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि पीएम की विजिट के बाद फिर से वीकली ऑफ व्यवस्था को चालू करने पर विचार हो रहा है।

खुद शादी पर ही छुट्टी 
बुधवार एसएसपी कार्यालय में अचानक एक बजे करीब 70 पुलिस कर्मी बारी-बारी से आ गए। तत्काल एसएसपी ने कहा कि छुट्टी और तबादले को छोड़कर अन्य पुलिस कर्मी आएं। फिर भी कुछ महिला सिपाही खड़ी रहीं। जब एक महिला पुलिस कर्मी ने एसएसपी ने बात की तो बोली मामा की शादी है। 10 दिन की छुट्टी चाहिए। एसएसपी बोले जब तुम्हारी होगी तो कितने दिन की छुट्टी लोगी। दो दिन की छुट्टी मंजूर की गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें