रैंकिंग में मामूली सुधार, 16वें स्थान पर पहुंचा धनबाद
धनबाद जिले की स्कूली शिक्षा रैंकिंग में हल्का सुधार हुआ है। जिला शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, धनबाद 24 जिलों में 16वें स्थान पर है और उसे 57.57 प्वाइंट मिले हैं। छात्रों की उपस्थिति 19वें स्थान पर और शिक्षकों की उपस्थिति 23वें स्थान पर है। अबतक 39,180 बच्चों का नामांकन नहीं हुआ।

धनबाद, मुख्य संवाददाता। स्कूली शिक्षा रैंकिंग में धनबाद जिले के स्थान में मामूली सुधार हुआ है। स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने अगस्त महीना का डिस्ट्रिक एजुकेशन परफॉरमेंस रिव्यू रिपोर्ट जारी कर दिया है। रिव्यू रिपोर्ट के आधार पर धनबाद राज्य के 24 जिलों में 16वें स्थान पर है। धनबाद को कुल 100 में से 57.57 प्वाइंट स्कोर मिले हैं। जुलाई महीने में धनबाद को 56.91 स्कोर मिले थे। ऐसे में धनबाद 19वें से 16वें स्थान पर आया है। अप्रैल में धनबाद का राज्य में 15वां, मई में 14वां, जून में 17वां, जुलाई में 19वां स्थान था। चालू शैक्षणिक सत्र-2026-27 में धनबाद राज्य में 14वें स्थान से 19वें स्थान के बीच रहा। राज्य मुख्यालय ने यह रैंक 22 इंडिकेटर्स और सब-इंडिकेटर्स में प्रदर्शन के आधार पर जारी किया है। राज्य में 80.01 स्कोर के साथ रामगढ़ पहले स्थान पर, पूर्वी सिंहभूम 78.03 स्कोर के साथ दूसरे व 74.07 स्कोर के साथ लोहरदगा तीसरे स्थान पर है। सबसे कम 47.77 स्कोर के साथ रांची राज्य में 24वें व 49.76 स्कोर के साथ देवघर 23वें, 53.32 स्कोर के साथ दुमका राज्य में 22वें स्थान पर है। अब सभी का ध्यान जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अगले कदम पर टिकी है। स्थानीय स्तर पर अधिकारी रैंकिंग सुधार के लिए क्या निर्देश जारी करते हैं।
छात्रों की उपस्थिति में धनबाद 11 स्थान पीछे:
रैंकिंग के अनुसार धनबाद जिले में छात्रों की औसत उपस्थिति मामले में बुरा हाल है। जुलाई में राज्य में आठवें स्थान पर रहने वाला धनबाद 11 स्थान पिछड़कर 19वें स्थान पर चला गया। धनबाद के 1753 स्कूलों में 69.32 फीसदी उपस्थिति है। जून में 75.95 व जुलाई में 79.76 फीसदी उपस्थित थी।
शिक्षक उपस्थिति में राज्य में 23वां स्थान:
शिक्षकों की उपस्थिति की बात हो तो धनबाद राज्य में 23वें स्थान पर चला गया है। अगस्त में 82.88 फीसदी ने ई-विद्यावाहिनी में उपस्थिति दर्ज की है। जुलाई माह में धनबाद राज्य में 15वें स्थान पर था। अब 23वें स्थान पर है। धनबाद में 1753 स्कूलों में 6886 (ट्रेनी टीचर को छोड़कर) कार्यरत हैं। 41 स्कूलों का अगस्त में जीरो अटेंडेंस है। सात स्कूलों में एक भी बच्चे नामांकित नहीं है। ऐसे स्कूलों को जीरो इनरॉलमेंट कैटेगरी में रखा गया है।
अबतक 39,180 बच्चों का नामांकन नहीं:
स्टूडेंट इनरॉलमेंट एंड प्रोग्रेशन (31 अगस्त तक) में धनबाद राज्य में 22वें स्थान पर है। सरकारी व निजी स्कूलों को मिलाकर 2432 स्कूल संचालित हैं। वर्ष-2025-26 में 4.84 लाख विद्यार्थियों के नामांकन के मुकाबले 26-27 में अबतक 4.44 लाख का नामांकन हुआ है। सत्र में 39,180 (8.81 फीसदी) नामांकन में कमी आई है। ड्रॉप बॉक्स में 43,820 विद्यार्थियों को रखा गया है।

