भूजल संरक्षण को जन आंदोलन बनाएं, वर्षभर जारी रहें प्रयास: डीएम
कानपुर में जल संरक्षण के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को जन आंदोलन बनाना चाहिए। भूजल सप्ताह के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जल मित्र सम्मान भी प्रदान किया गया।

कानपुर। जल संरक्षण के लिए किया गया प्रत्येक प्रयास महत्वपूर्ण है। हर छोटी पहल भविष्य की दिशा तय करती है। यदि हम आज अपने बच्चों के लिए पानी नहीं बचाएंगे, तो आने वाली पीढ़ियां गंभीर जल संकट का सामना करेंगी। इसलिए जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को अभियान नहीं, बल्कि जन आंदोलन बनाना होगा। यह बातें डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं। भूजल सप्ताह (16 से 22 जुलाई) के समापन अवसर पर बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने कहा कि भूजल सप्ताह की भावना केवल सात दिनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हमारी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा।
जल है तभी कल है। यदि हमें भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना है तो आज से ही जल संचय और भूजल रिचार्ज को जन आंदोलन बनाना होगा। कार्यक्रम के दौरान भूजल सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, भूजल संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला परियोजना निदेशक, जिला पंचायत राज अधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी को 'जल मित्र' सम्मान प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। ग्राम पंचायत मकनपुर के ग्राम प्रधान को भी जल संरक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।


