आईएमएफ ने भारत की संशोधित जीडीपी गणना पद्धति का किया समर्थन
आईएमएफ ने कहा कि भारत की संशोधित जीडीपी गणना पद्धति सर्वोत्तम प्रथाओं और उसकी सलाह के अनुरूप है। कृष्णा श्रीनिवासन ने आधार वर्ष में संशोधन को स्वागत योग्य बताया। सरकार के अप्रैल-जून तिमाही के 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि आंकड़ों पर राजनीतिक विवाद हुआ था। पूर्व वित्त सचिव एस. सी. गर्ग ने आंकड़ों पर सवाल उठाए, जबकि मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने उनके तरीके की आलोचना की।

वॉशिंगटन, एजेंसी। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने गुरुवार को कहा कि भारत की संशोधित जीडीपी गणना पद्धति सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप है और आईएमएफ की सलाह से पूरी तरह मेल खाती है। आईएमएफ के एशिया एवं प्रशांत विभाग के निदेशक कृष्णा श्रीनिवासन ने बैंकॉक में कहा कि भारत की जीडीपीके आधार वर्ष में संशोधन स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि संशोधित पद्धति आईएमएफ के सांख्यिकी विभाग की ओर से दी गई सलाह से पूरी तरह मेल खाती है। पद्धति में ये संशोधन पूरी तरह हमारी भारत को दी सलाह के अनुरूप हैं। इसमें हमारे सांख्यिकी विभाग की सलाह भी शामिल है।
संशोधित पद्धति पर आईएमएफ की सहमति
उन्होंने कहा कि भारत ने जीडीपी गणना पद्धति में संशोधनों को समझाने के लिए एक टिप्पणी भी जारी की है। जीडीपी के आंकड़ों के लिहाज से भारत ने जो किया है, वह अच्छी प्रथाओं के अनुरूप है। इसमें सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है लेकिन जीडीपी आंकड़ों को बेहतर बनाने के लिए सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से किए गए अच्छे काम को भी स्वीकार करना चाहिए।
जीडीपी वृद्धि के आंकड़ों पर विवाद
जीडीपी के आंकड़ों पर हुआ था विवाद
गौरतलब है कि सरकार की ओर से पिछले महीने जारी अप्रैल-जून तिमाही में जीडीपी वृद्धि के उम्मीद से बेहतर 7.8 प्रतिशत रहने के आंकड़ों को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। पूर्व वित्त सचिव एस. सी. गर्ग ने इन आंकड़ों पर सवाल उठाए थे। गर्ग ने दावा किया था कि पिछले वर्ष के आंकड़ों को कम करके जीडीपी वृद्धि को कृत्रिम रूप से बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया। मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन ने गर्ग के तरीके को आंकड़ों में से अपनी सुविधा के अनुसार चुनिंदा आंकड़े लेने वाला रवैया बताया था। उन्होंने कहा था कि जीडीपी के नवीनतम आंकड़े तैयार करने के लिए मार्च 2023 में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष को नया आधार वर्ष बनाया गया है। पद्धति में बदलाव के कारण पिछले वर्ष के तिमाही आंकड़ों में भी संशोधन हुआ।


