तिरंगा फहराकर देशप्रेम और एकता का दें संदेश
स्वतंत्रता दिवस पर सिमरी बख्तियारपुर के इमाम मो मुमताज़ रहमानी ने मुस्लिम समुदाय से अपने घरों और दुकानों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्र की एकता और भाईचारे का प्रतीक है। मस्जिदों के इमामों से भी देश की अमन और तरक्की के लिए अपील करने का आग्रह किया गया।

सिमरी बख्तियारपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जामा मस्जिद रानी बाग, सिमरी बख्तियारपुर के इमाम मो मुमताज़ रहमानी ने मुस्लिम समाज के लोगों से अपने घरों, दुकानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश के मुसलमान हिंदुस्तान से सच्ची मोहब्बत करते हैं और देश की आजादी एवं सुरक्षा में मुस्लिम समाज तथा उनके पूर्वजों के योगदान का इतिहास गवाह है। उन्होंने मस्जिदों के इमाम एवं खतीबों से जुमे की नमाज और खुतबे के बाद नमाजियों के बीच देश की एकता, अमन, तरक्की और सलामती के लिए अपील करने तथा लोगों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि तिरंगे की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उसे निर्धारित नियमों के अनुरूप सम्मानपूर्वक फहराया जाए। मो मुमताज़ रहमानी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश की एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का अवसर भी है।


